बैंक हड़ताल से कोडरमा में ठप रहा कामकाज, ग्राहकों को लौटना पड़ा खाली हाथ
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की राष्ट्रव्यापी हड़ताल से कोडरमा में कामकाज ठप. पांच दिवसीय बैंकिंग समेत अन्य मांगों को लेकर बैंक कर्मियों ने निकाला विरोध मार्च.
झुमरीतिलैया से सुजल भदानी की रिपोर्ट
झुमरीतिलैया (कोडरमा). शुक्रवार को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल हुई. इस हड़ताल का असर कोडरमा जिले में पूरी तरह दिखाई दिया. झुमरीतिलैया सहित जिले की सभी सरकारी बैंक शाखाओं में दिनभर कामकाज बंद रहा. बैंक पहुंचे कई ग्राहकों को बिना कार्य कराए वापस लौटना पड़ा, जिनमें एक बुजुर्ग महिला भी थीं, जिन्हें पेंशन के लिए आना पड़ा था.
मांगों के समर्थन में कर्मचारियों ने की नारेबाजी
हड़ताल के दौरान बैंक अधिकारी एवं कर्मचारियों ने शाखाओं के बाहर धरना देकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया. इसके बाद विभिन्न बैंकों के कर्मियों ने झुमरीतिलैया शहर में विरोध रैली निकालकर पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था समेत अन्य मांगों के समर्थन में नारेबाजी की.
पांच दिवसीय कार्य सप्ताह समेत तीन प्रमुख मांगें
यूएफबीयू की प्रमुख मांगों में सोमवार से शुक्रवार तक पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करना, सभी संवर्गों के लिए समान लाभ आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) तथा कर्मचारियों के लिए राइट टू डिस्कनेक्ट व्यवस्था लागू करना शामिल है.
RBI और बीमा क्षेत्र की तर्ज पर पांच दिन काम की मांग
बैंक कर्मियों का कहना है कि रिजर्व बैंक और बीमा क्षेत्र की तर्ज पर बैंकिंग क्षेत्र में भी सप्ताह में पांच दिन कार्य और दो दिन साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था की जानी चाहिए.
क्या है ‘राइट टू डिस्कनेक्ट’
कर्मचारियों के लिए ‘राइट टू डिस्कनेक्ट’ व्यवस्था का मतलब है कि काम के घंटों के बाद कर्मचारियों को काम से जुड़े संदेशों या कॉल्स का जवाब देने के लिए बाध्य न किया जाए, जिससे वे निजी जीवन के लिए समय निकाल सकें और आराम कर सकें.
28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल की चेतावनी
यूनियन ने स्पष्ट किया है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द ही कोई सकारात्मक फैसला नहीं लिया गया, तो 28, 29 और 30 सितंबर को वे तीन दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल करेंगे.
ये भी पढ़ें: बैंकिंग सेवाओं पर आज से ब्रेक, राज्यभर में तीन दिन बंद रहेंगे बैंक; 35 हजार कर्मचारी हड़ताल पर
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए