WATCH VIDEO : औरंगाबाद में बिजली कटौती और लो वोल्टेज से परेशान लोग, विद्युत कार्यालय के बाहर किया हंगामा

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

मदनपुर में बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से परेशान दर्जनों गांवों के ग्रामीणों ने प्रखंड मुख्यालय स्थित विद्युत आपूर्ति कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया. पेयजल और घरेलू कामकाज में हो रही भारी परेशानी से ग्रामीण आक्रोशित थे.

विज्ञापन

Power Cut : मदनपुर में लगातार बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से परेशान दर्जनों गांवों के ग्रामीण शुक्रवार की सुबह प्रखंड मुख्यालय स्थित विद्युत आपूर्ति प्रशाखा कार्यालय पहुंच गए. ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की. उनका कहना था कि बार-बार बिजली कटने से घरेलू कामकाज के साथ पेयजल की समस्या भी गंभीर हो गयी है.

विज्ञापन

गुरुवार शाम से बाधित थी बिजली

ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार शाम करीब चार बजे से कुशहा, हाजीपुर, तिवारी बिगहा, सोनडीह, सोनवर्षा समेत दर्जनों गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित थी. शुक्रवार सुबह तक बिजली नहीं आने से लोगों को काफी परेशानी हुई. ग्रामीणों का आरोप है कि हल्की बारिश या हवा चलने के बाद भी बिजली काट दी जाती है और कई बार घंटों तक आपूर्ति बंद रहती है.

विद्युत आपूर्ति प्रशाखा मदनपुर में विरोध जताते ग्रामीण  ग्रामीणों को समझाते पुलिस पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
ग्रामीणों को समझाते पुलिस पदाधिकारी

बिजली कटते ही पानी का संकट

ग्रामीण राजेश विश्वकर्मा, मोनू कुमार, लड्डू सिंह, दर्शन कुमार, विक्रम कुमार यादव, प्रिंस कुमार, विनय पाल, शिवप्रसाद साव, शंकर राम और श्याम कुमार समेत अन्य ने बताया कि बिजली कटौती का सबसे ज्यादा असर पेयजल व्यवस्था पर पड़ रहा है. हाजीपुर के ग्रामीणों ने बताया कि गांव में एक भी चापाकल नहीं है. ऐसे में लोग पूरी तरह मोटर पंप पर निर्भर हैं. बिजली गुल होते ही मोटर बंद हो जाता है और ग्रामीणों के सामने पानी का संकट खड़ा हो जाता है.

फॉल्ट कहीं, बिजली कटती है कई गांवों की

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के कर्मियों पर आरोप लगाया कि हाजीपुर सहित आसपास के गांवों में फॉल्ट आने पर कुशहा के पास जंफर हटा दिया जाता है. इससे फॉल्ट वाले इलाके के साथ अन्य गांवों की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो जाती है. ग्रामीणों का कहना था कि जिस गांव में खराबी हो, केवल उसी क्षेत्र की बिजली बंद कर मरम्मत की जानी चाहिए.

पांच-छह माह से लो वोल्टेज की समस्या

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले पांच-छह माह से लो वोल्टेज की समस्या भी बनी हुई है. कम वोल्टेज के कारण पंखा, मोटर समेत अन्य विद्युत उपकरण ठीक से नहीं चल पाते हैं. इससे लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ रोजमर्रा के काम में भी परेशानी उठानी पड़ रही है.

विद्युत आपूर्ति प्रशाखा मदनपुर में विरोध जताते ग्रामीण  ग्रामीणों को समझाते पुलिस पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
विद्युत आपूर्ति प्रशाखा मदनपुर में विरोध जताते ग्रामीण

ग्रामीणों ने रखी अपनी मांग

ग्रामीणों ने कहा कि उनकी विभाग से कोई बड़ी मांग नहीं है. जिस क्षेत्र में फॉल्ट हो, केवल उसी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर खराबी को जल्द दूर किया जाए. इसके बाद नियमित रूप से बिजली बहाल की जाए. बारिश या हल्की हवा के नाम पर घंटों बिजली काटे जाने की व्यवस्था में सुधार किया जाए.

पुलिस ने समझाकर ग्रामीणों को शांत कराया

ग्रामीणों के आक्रोश की सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के कर्मियों ने मदनपुर थाना पुलिस को जानकारी दी. सूचना पर मदनपुर थाना के एएसआई श्रीकांत पांडे पुलिस बल के साथ विद्युत कार्यालय पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद ग्रामीण वापस लौट गए.

जल्द समस्या दूर करने का आश्वासन

इधर, विद्युत विभाग के जेई राकेश कुमार राम ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से बतायी गयी समस्याओं का जल्द निराकरण कराया जाएगा. विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन