भागलपुर में भाजपा मंडल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या: मां तारा होटल के पास बाइक सवारों ने घेरा, जांच में जुटी पुलिस
भागलपुर में अपराधियों ने दिनदहाड़े भाजपा मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती की गोली मारकर हत्या कर दी. मां तारा होटल के पास हुई इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
भागलपुर में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती (55) की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी. यह सनसनीखेज घटना बबरगंज थाना क्षेत्र के ठठेरी टोला स्थित मां तारा होटल के समीप शुक्रवार को घटी. बाइक सवार हमलावरों ने उन्हें सामने से रुकने का इशारा किया और गाड़ी रुकते ही सीधे कनपटी पर गोली मार दी. घटना के बाद इलाके में भारी दहशत और तनाव का माहौल है.
काली स्थान से लौटते वक्त घात लगाकर किया हमला
कुतुबगंज (वार्ड 51) निवासी पप्पू तांती (पिता- अर्जुन प्रसाद तांती) शुक्रवार को अपनी मोटरसाइकिल से काली स्थान से घर की ओर लौट रहे थे:
- प्वाइंट ब्लैंक रेंज पर फायरिंग: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मां तारा होटल के पास बाइक सवार अपराधियों ने हाथ देकर उन्हें रोका. जैसे ही उन्होंने बाइक रोकी, अपराधियों ने बिना कोई मौका दिए उनकी कनपटी में गोली मार दी.
- सड़क पर तड़पते रहे: गोली लगने के बाद पप्पू तांती बाइक समेत सड़क पर गिर गए और काफी देर तक घटनास्थल पर ही लहूलुहान अवस्था में पड़े रहे.
- अस्पताल में मृत घोषित: सूचना पाकर बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में जेएलएनएमसीएच (मायागंज) अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
काली पूजा समिति और प्लॉटिंग विवाद में मर्डर का आरोप
परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में हत्या के पीछे गहरी रंजिश की बात कही है:
- अध्यक्ष पद की रंजिश: परिजनों का आरोप है कि स्थानीय काली पूजा समिति के अध्यक्ष पद को लेकर उनका पूर्व अध्यक्ष शशि मोदी के साथ विवाद चल रहा था. शशि मोदी के नौकरी में जाने के बाद पप्पू तांती को यह जिम्मेदारी मिली थी, लेकिन शशि कथित तौर पर दोबारा अध्यक्ष बनना चाहते थे और इसके लिए पप्पू तांती को धमकियां भी मिल रही थीं.
- नामजद आरोप: मृतक के परिजनों ने शशि मोदी के भांजे कृष्णा मोदी और उसके अन्य साथियों पर हत्या की साजिश रचने का सीधा आरोप लगाया है. इसके अलावा जमीन की प्लॉटिंग और राजनीतिक वर्चस्व का विवाद भी सामने आ रहा है.
सिटी डीएसपी कर रहे जांच, विधायक ने जताया दुख
वारदात की खबर मिलते ही सिटी डीएसपी टू राकेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ जांच शुरू की.
- बबरगंज और बरारी थाने की पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए हैं. पुलिस भागने के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है.
- घटना के बाद नगर के भाजपा विधायक रोहित पांडेय मायागंज अस्पताल पहुंचे. उन्होंने इस हत्याकांड को दुखद बताते हुए व्यक्तिगत तौर पर मर्माहत होने की बात कही और पुलिस से जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी व कड़ी सजा सुनिश्चित करने की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए