आम्रेश्वर धाम श्रावणी मेला में पहुंचे 12-13 लाख श्रद्धालु, किया जलार्पण
आम्रेश्वर धाम स्थित शिवलिंग की सजावट | Prabhat Khabar Network
खूंटी के बाबा आम्रेश्वर धाम में एक माह तक चला श्रावणी मेला संपन्न हुआ. सावन के दौरान करीब 13 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की.
खूंटी. सावन महीने के पावन अवसर पर अंगराबारी स्थित बाबा आम्रेश्वर धाम में आयोजित एक माह का श्रावणी मेला रविवार को संपन्न हो गया. पूरे सावन महीने में झारखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा आम्रेश्वर धाम पहुंचे और जलार्पण किया. बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के अनुसार, सावन महीने में करीब 12 से 13 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा का जलाभिषेक किया. रविवार और प्रत्येक सोमवारी को मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ रही.
आपके शहर में
श्रद्धालु स्थानीय बनई नदी में स्नान-ध्यान करने के बाद बाबा आम्रेश्वर धाम पहुंचते रहे. पूरे मेले के दौरान बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के पदाधिकारी, सदस्य और वालंटियर के साथ जिला प्रशासन द्वारा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस बल विधि-व्यवस्था संभालते रहे. भीड़ को देखते हुए चार्ट तैयार कर अलग-अलग स्थानों पर कर्मियों की ड्यूटी लगायी गयी थी. एंबुलेंस, अग्निशमन दल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी दुरुस्त रखी गयी थीं. पूरे मेले के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली.
सावन पूर्णिमा के अवसर पर धाम परिसर में विशेष मेला लगाया गया, जिसमें लाखों श्रद्धालु पहुंचे. पूर्णिमा के बाद भी रविवार तक श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही. रविवार को भी बड़ी संख्या में लोगों ने जलाभिषेक किया. श्रद्धालुओं के लिए शीघ्र दर्शनम की व्यवस्था की गयी थी, जिसका करीब दो हजार लोगों ने शुल्क देकर लाभ उठाया. जिला प्रशासन की ओर से भी लगभग तीन हजार लोगों ने शीघ्र दर्शन किया.
आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति ने जताया आभार
श्रावणी मेला के सफल संचालन और समापन पर बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति ने जिला प्रशासन समेत सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया. रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में समिति के महामंत्री मनोज कुमार ने जिला प्रशासन, बिजली विभाग, नगर पंचायत खूंटी, स्वास्थ्य विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा प्रेस-मीडिया का धन्यवाद किया. उन्होंने समिति के सभी सदस्यों और कार्यकर्ताओं के सहयोग के लिए भी आभार प्रकट किया.
धार्मिक आयोजनों में उमड़ी भीड़
सावन महीने के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया. वहीं धाम में 70 से अधिक श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक कराया. समिति की ओर से पांच दिनों तक विशेष शृंगार पूजा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया.
दुकानदारों को मिला रोजगारश्रावणी मेला के दौरान आम्रेश्वर धाम परिसर में पूरे एक महीने तक विभिन्न प्रकार की दुकानें लगी रहीं. इनमें जरूरत के सामान, मिठाई, फूल, प्रसाद और अन्य सामग्री की दुकानें शामिल थीं. इसके अलावा खेल-तमाशे और खिलौनों की भी बिक्री हुई. मेले के कारण स्थानीय दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को एक महीने तक रोजगार और आय का अच्छा अवसर मिला.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए