Jharkhand Weather Forecast: झारखंड में धीरे-धीरे बढ़ रहा है तापमान, जानें क्या कहता है मौसम विभाग

झारखंड से विदाई लेने की तैयारी में ठंड
Jharkhand Weather Forecast: झारखंड में में मौसम का मिजाज बदल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार जनवरी के आखिरी दिनों से झारखंड में दिन का तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ेगा. रात में हल्की ठंड बनी रहेगी. देवघर, धनबाद, पलामू, रांची और सिंहभूम समेत कई जिलों में फरवरी की शुरुआत के साथ गर्मी का असर दिखेगा. मौसम विभाग ने फिलहाल बारिश की संभावना से इनकार किया. पूरी खबर नीचे पढ़ें.
Jharkhand Weather Forecast: झारखंड में मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे बदलता नजर आ रहा है. जनवरी के आखिरी दिनों के साथ ही ठंड का असर कमजोर पड़ने लगा है और दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के लगभग सभी जिलों में आने वाले दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. हालांकि रात के तापमान में अभी पूरी तरह राहत नहीं मिलेगी और यह 9 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा.
आखिरी फेज में है सर्दी
मौसम विज्ञान विभाग रांची केंद्र के प्रमुख डॉ बाबूराज पीपी के अनुसार, झारखंड में सर्दी अपने अंतिम चरण में है. दिन के समय धूप का असर तेज होगा और दोपहर में गर्मी का एहसास बढ़ेगा. वहीं सुबह और रात के वक्त हल्की ठंड बनी रहेगी. मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल किसी भी जिले में बारिश या बादल छाने की संभावना नहीं है और मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.
देवघर-धनबाद में बढ़ेगा दिन का तापमान
पूर्वोत्तर झारखंड के जिलों में तापमान बढ़ने की रफ्तार अपेक्षाकृत तेज रहने वाली है. देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 30 से 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. गोड्डा और पाकुड़ में दो फरवरी तक अधिकतम तापमान 31 डिग्री दर्ज होने का अनुमान है. वहीं न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. इस क्षेत्र में सुबह के समय हल्की ठंड महसूस होगी लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही धूप तेज हो जाएगी.
पलामू में रात की ठंड बरकरार
उत्तर-पश्चिम झारखंड के कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू जिलों में रात की ठंड अभी कुछ दिनों तक बनी रह सकती है. मौसम विभाग के अनुसार पलामू में न्यूनतम तापमान फिलहाल 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास है, जो आने वाले दिनों में बढ़कर 12 डिग्री तक पहुंच सकता है. दिन का अधिकतम तापमान 25 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. इस इलाके में शीतलहर का असर अब कमजोर पड़ रहा है और ठंड से धीरे-धीरे राहत मिलने के संकेत मिल रहे हैं.
रांची में मौसम रहेगा संतुलित
केंद्रीय झारखंड के रांची, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी और गुमला जिलों में मौसम सामान्य से थोड़ा गर्म रहने की संभावना है. राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 25 डिग्री से बढ़कर 28 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा. मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान आसमान साफ रहेगा और कोहरे का असर काफी हद तक कम हो जाएगा.
सिंहभूम क्षेत्र में सबसे ज्यादा गर्मी
दक्षिण झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा जिलों में राज्य का सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया जा सकता है. पश्चिमी सिंहभूम में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. वहीं न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फरवरी की शुरुआत के साथ ही इस क्षेत्र में गर्मी का असर साफ तौर पर महसूस किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: Jharkhand Liquor Scam: झारखंड पुलिस की बड़ी लापरवाही! टीम को चकमा देकर भाग निकला किंगपिन
फिलहाल राहत भरा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक झारखंड में मौसम शुष्क बना रहेगा. किसी भी जिले के लिए बारिश या खराब मौसम की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. कुल मिलाकर राज्य में दिन के समय गर्मी और रात में हल्की ठंड का सिलसिला जारी रहेगा. जनवरी के अंतिम सप्ताह के साथ ही सर्दी धीरे-धीरे विदा लेती दिख रही है और फरवरी की शुरुआत के साथ झारखंड में गर्मी की एंट्री लगभग तय मानी जा रही है.
इसे भी पढ़ें: Jharkhand Weather Forcast: झारखंड में दिन में बढ़ेगी गर्मी, मगर सुबह-शाम बनी रहेगी ठंड
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




