झारखंड के इन जिलों में आज गरज के साथ होगी बारिश, मौसम विभाग की जारी की चेतावनी

Updated at : 17 Mar 2026 8:42 AM (IST)
विज्ञापन
Jharkhand Weather Forecast

झारखंड में 22 मार्च तक आसमान में बादल छाए रहेंगे.

Jharkhand Weather Forecast: झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण कई जिलों में गरज के साथ बारिश, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी जारी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार 17 से 22 मार्च तक मौसम बदला रहेगा, जिससे तापमान में गिरावट और बादल छाए रहने की संभावना बनी रहेगी. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

Jharkhand Weather Forecast: पश्चिम विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से झारखंड में लगातार तीसरे दिन गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं. मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र की ओर से चेतावनी जारी की गई है कि 17 मार्च 2026 मंगलवार को दोपहर 12 बजे तक सूबे के 17 जिलों में गरज के साथ मध्यम दर्जे की बारिश होगी. मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में यह भी चेतावनी दी है कि बारिश के दौरान वज्रपात भी होगा और करीब 50 से 60 किलोमीटर की रफ्तार तेज हवा भी चलेगी.

किन जिलों में होगी बारिश

मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार की सुबह करीब 5.30 बजे चेतावनी जारी की है कि झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, रामगढ़, रांची, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने यह भी कहा कि इन स्थानों पर बारिश के दौरान वज्रपात होने के भी आसार हैं. इसके साथ ही, मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि बोकारो और धनबाद जिले के कुछ भागों में भी गरज के साथ बारिश होगी. हजारीबाग के कुछ इलाकों में भी बारिश होने के आसार हैं. इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी.

22 तक आकाश में छाए रहेंगे बादल

मौसम विभाग ने 22 मार्च 2026 तक आकाश में बादल छाए रहने, गरज के साथ हल्की बारिश होने तथा बीच-बीच में तेज हवा चलने की संभावना जाहिर की है. मंगलवार को झारखंड के उत्तर-पश्चिनी भाग को छोड़कर अन्य भागों में मेघ गर्जन के साथ बारिश होने व तेज हवा चलने की संभावना है. इस बीच मौसम में इस बदलाव से अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में कमी आई है.

मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री रहा

मौसम में इस बदलाव के बीच भी मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा. हालांकि, इसमें पिछले 24 घंटे में 0.7 डिग्री सेल्सियस की कमी रही, लेकिन सूबे में सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर का रहा. राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जिसमें पिछले 24 घंटे में 2.1 डिग्री सेल्सियस की कमी आई. न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा. जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस व बोकारो का अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस रहा.

इसे भी पढ़ें: मुंद्रा पोर्ट पहुंचते ही जमशेदपुर के फौलादी बेटे अंश ने मां को किया फोन, बोला- मां, मैं लौट आया

धनबाद में 17, 19 और 20 मार्च को बारिश के आसार

धनबाद में सोमवार की सुबह से ही बादलों के बीच हल्की धूप खिली रही. दोपहर में गर्मी का असर रहा. दोपहर बाद करीब तीन बजे से मौसम में बदलाव हुआ. घने बादल छा गये. करीब 3.30 बजे से तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई. आधे घंटे हुई झमाझम बारिश के बाद ठंड का अहसास होने लगा. बारिश के पहले तेज हवा चली. हवा की रफ्तार 30 किलोमीटर प्रति घंटे रिकॉर्ड की गई. अधिकतम तापमान 34 डिग्री व न्यूनतम तापमान 19 डिग्री दर्ज किया गया. मौसम विभाग की ओर से चेतावनी दी गई है कि धनबाद समेत सूबे के कई जिलों में 17, 19 और 20 मार्च को बारिश हो सकती है. मौसम विभाग की मानें, तो आने वाले दिनों में भी तेज हवा चल सकती है. हालांकि, इससे तापमान पर बहुत अंतर नहीं दिखेगा. अधिकतम तापमान 32 से 34 के बीच और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के करीब रह सकता है.

इसे भी पढ़ें: सावधान! झारखंड में आज होगी ओलों की बारिश, 17 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola