ePaper

झारखंड नगर निकाय चुनाव के काउंटिंग की उल्टी गिनती शुरू, कल सुबह आठ बजे से गिनती

Updated at : 26 Feb 2026 1:36 PM (IST)
विज्ञापन
Jharkhand Civic Polls Results

मतगणना से पहले सिस्टम को चेक करते अधिकारीगण. फोटो: प्रभात खबर

Jharkhand Civic Polls Results: झारखंड के 48 नगर निकायों की मतगणना 27 फरवरी से शुरू होगी. राज्यभर में 1309 टेबल लगाये गये हैं. रांची नगर निगम में 225 टेबल पर पांच राउंड में गिनती होगी. प्रशासन ने सुरक्षा और पारदर्शिता के पुख्ता इंतजाम किये हैं और अफवाहों से बचने की अपील की है. मतगणना से संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

Jharkhand Civic Polls Results: झारखंड के 48 नगर निकायों के लिए मतदान के बाद अब मतगणना की उलटी गिनती शुरू हो गई है. राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 27 फरवरी से सभी जिलों में काउंटिंग का काम शुरू होगा. प्रशासन ने सुरक्षा, पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर व्यापक इंतजाम पूरे कर लिए हैं.

वोटों की गिनती के लिए 1309 टेबल

वोटों की गिनती के लिए राज्यभर में कुल 1309 टेबल लगाई गई हैं. मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होकर रात 8 बजे तक चलेगी. सबसे पहले पार्षद पद के उम्मीदवारों के मतपत्रों की गिनती होगी. इसके बाद मेयर या अध्यक्ष पद के लिए मतों की गणना की जाएगी. हर निकाय में अलग-अलग राउंड निर्धारित किए गए हैं, ताकि प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से पूरी हो सके.

रांची नगर निगम की गिनती पांच राउंड में होगी

राजधानी रांची नगर निगम में मतगणना को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है. यहां कुल 225 टेबल लगाए गए हैं और पांच राउंड में मतों की गिनती पूरी की जाएगी. प्रशासन का कहना है कि रांची में मतदाताओं और उम्मीदवारों की संख्या अधिक होने के कारण अतिरिक्त टेबल और राउंड निर्धारित किए गए हैं. रांची के अलावा अन्य नगर निकायों में भी स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार टेबल और राउंड तय किए गए हैं. आयोग ने सभी जिलों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि मतगणना के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

स्ट्रॉन्ग रूम में संयुक्त ब्रीफिंग बैठक

रांची में उप विकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया की अध्यक्षता में ट्रांसपोर्ट नगर रिंग रोड स्थित वज्रगृह (मतगणना स्थल) पर संयुक्त ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई. इस बैठक का उद्देश्य 27 फरवरी को रांची नगर निगम और बुंडू नगर पंचायत की मतगणना को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना है. बैठक में मतगणना कार्य में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों और दंडाधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए. अधिकारियों को बताया गया कि प्रत्येक टेबल पर निर्धारित प्रक्रिया का सख्ती से पालन किया जाये. किसी भी स्थिति में नियमों से समझौता नहीं किया जाएगा.

पारदर्शिता और शांति प्रशासन की प्राथमिकता

उप विकास आयुक्त ने कहा कि मतगणना पूर्ण पारदर्शिता और शांतिपूर्ण माहौल में कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी अधिकारियों को सतर्क और जिम्मेदार रहकर अपनी ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया गया है. बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, बुंडू अनुमंडल पदाधिकारी किस्टो कुमार बेसरा सहित कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद थे. सभी को स्पष्ट रूप से कहा गया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए.

इसे भी पढ़ें: झारखंड निकाय चुनाव संपन्न: कई जिलों में 60% से अधिक वोटिंग, साहेबगंज टॉप पर तो धनबाद रहा पीछे

अफवाहों से बचने की अपील

प्रशासन ने आम जनता और समर्थकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें. मतगणना केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने को कहा गया है. झारखंड के 48 नगर निकायों में होने वाली यह मतगणना स्थानीय राजनीति के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है. 27 फरवरी को शुरू होने वाली काउंटिंग के साथ ही कई शहरों में नई नगर सरकार की तस्वीर साफ हो जाएगी.

इसे भी पढ़ें: सबसे सटीक, सबसे तेज: झारखंड निकाय चुनाव अपडेट देखें प्रभात खबर पर, ग्राउंड जीरो से लाइव

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola