पति-पत्नी और 12 साल के बेटे की हत्या कर जंगल में दफनाया शव, दो गिरफ्तार, ये थी हत्या की वजह

Updated:
विज्ञापन

घटना की जानकारी देते एसडीपीओ रफाएल मुर्मू व गिरफ्तार दोनों आरोपी.

पश्चिमी सिंहभूम के टोंटो में जमीन विवाद के चलते एक ही परिवार के तीन लोगों की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार.

विज्ञापन

झींकपानी : जमीन के एक विवाद ने देखते ही देखते एक पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं. पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र के केंजरा टोली तारोपबुरु में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर शवों को अलग-अलग जगहों पर दफन किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतकों में रजिन दोरायबुरु (40), उसकी पत्नी जानो दोरायबुरु (38) और उनका 12 वर्षीय बेटा काण्डे दोरायबुरु शामिल हैं. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने हत्या के पीछे जमीन विवाद को वजह बताया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

26 अगस्त को मिली सूचना, पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस के अनुसार, रमिया दोरायबुरु ने 26 अगस्त को टोंटो थाना में लिखित सूचना देकर बताया - उसके परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर उनके शवों को कहीं दफना दिया गया है. सूचना पर टोंटो थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक, चाईबासा को दी. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जगन्नाथपुर के एसडीपीओ रफाएल मुर्मू के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई. टीम में झींकपानी अंचल के पुलिस निरीक्षक प्रेमचंद भगत, टोंटो थाना प्रभारी धनंजय सिंह, पुअनि रणधीर कुमार, पुअनि विजय कुजूर तथा पुलिस रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे.

पूछताछ में खुला हत्या का राज

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बोंज दोरायबुरु (19) और मुचिया दोरायबुरु (20) को गिरफ्तार किया. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और जमीन विवाद को वारदात की वजह बताया. आरोपियों से मिली जानकारी और उनकी निशानदेही के आधार पर पुलिस ने रजिन दोरायबुरु और उसके 12 वर्षीय पुत्र काण्डे का शव एक स्थान से बरामद किया. वहीं, मृतका जानो दोरायबुरु का शव घटनास्थल से करीब 6 किलोमीटर दूर जंगल से बरामद किया गया.

निशानदेही पर खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई खून लगी कुल्हाड़ी भी बरामद की है. तीन शवों को अलग-अलग स्थानों पर दफन किए जाने की बात सामने आने के बाद पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है. बरामद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेजा गया. शवों की स्थिति को देखते हुए फोरेंसिक जांच के लिए उन्हें एमजीएम, जमशेदपुर भेजे जाने की जानकारी पुलिस ने दी है.

दोनों आरोपी भेजे गए जेल

पुलिस ने मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत चाईबासा जेल भेज दिया है. पुलिस हत्या के पीछे जमीन विवाद के अलावा वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात की पूरी कड़ी क्या थी, हत्या को किस तरह अंजाम दिया गया और शवों को अलग-अलग स्थानों पर क्यों दफनाया गया.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola