NIA की टीम पहुंची धनबाद, प्रिंस खान के पाकिस्तान कनेक्शन की होगी जांच, तथ्य सही पाये गये तो घोषित किया जा सकता है आतंकी
प्रिंस खान
एनआईए की टीम धनबाद में प्रिंस खान के आपराधिक और कथित आतंकी नेटवर्क की जांच के लिए पहुंची है. विदेशी संपर्कों, खासकर पाकिस्तान कनेक्शन की पड़ताल की जा रही है. जांच में तथ्य सही पाए जाने पर प्रिंस खान को आतंकी घोषित किया जा सकता है.
धनबाद से नीरज अंबष्ट की रिपोर्ट
आपके शहर में
धनबाद. वासेपुर के फरार अपराधी प्रिंस खान से जुड़े आपराधिक और कथित आतंकी नेटवर्क की जांच के लिए एनआइए की टीम गुरुवार को धनबाद पहुंची. एनआइए प्रिंस खान की गतिविधियों और कथित आतंकी संपर्कों से जुड़े साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है. जांच में तथ्य सही पाये गये, तो प्रिंस खान को आतंकी घोषित किया जा सकता है.
पाकिस्तान कनेक्शन की जांच
जांच का मुख्य फोकस प्रिंस खान के विदेश में रहने के दौरान बने कथित संपर्कों और पाकिस्तान कनेक्शन पर है. सूत्रों के अनुसार, दुबई में रहने के दौरान प्रिंस खान अपनी पत्नी और भाई के साथ था. इसी दौरान उसके पाकिस्तानी महिला फोजिया बलोच और उसके जीजा तौकिर बलोच के संपर्क में आने की बात सामने आयी है.
आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद जुड़े लोगों तक पहुंच
दावा किया जा रहा है कि तौकिर बलोच ने प्रिंस खान को पाकिस्तान में प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े लोगों तक पहुंचाया था. हालांकि, इन दावों की एनआइए अपने स्तर पर जांच कर रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी.
झारखंड में दर्ज मामलों की जानकारी जुटा रही टीम
धनबाद पहुंचने के बाद एनआइए की टीम ने जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर प्रिंस खान से जुड़े मामलों और उसके नेटवर्क की जानकारी जुटायी. एनआइए प्रिंस खान के खिलाफ धनबाद समेत झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में दर्ज आपराधिक मामलों की जानकारी जुटा रही है. जांच के दौरान वासेपुर में उसके कथित गुर्गों, सहयोगियों और आपराधिक नेटवर्क पर भी फोकस किया जा रहा है.
किस तरह संचालित कर रहा है अपना आपराधिक नेटवर्क
प्रिंस खान के पूर्व संपर्कों और सहयोगियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है. स्थानीय स्तर पर उसके नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटायी जा रही है. एनआइए यह भी पता लगाने में जुटी है कि विदेश में रहते हुए प्रिंस खान ने अपने आपराधिक नेटवर्क को किस तरह संचालित किया.
गुर्गों और सहयोगियों की भी होगी जांच
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि एनआइए की टीम धनबाद आयी है. फरार भगोड़ा अपराधी प्रिंस खान और उससे जुड़े संगठित अपराध से संबंधित डिटेल टीम के साथ साझा किया जा रहा है, ताकि एनआइए के स्तर से भी कार्रवाई की जा सके.
ये भी पढ़ें: JSSC CGL घोटाला: CID ने दिल्ली से 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार, बेंगाबाद से ASO हिरासत में
प्रिंस खान के कथित आतंकी संपर्कों से जुड़े तथ्य
जांच में प्रिंस खान के कथित आतंकी संपर्कों से जुड़े तथ्य सही पाये जाते हैं या नहीं, यह एनआइए की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा. फिलहाल एजेंसी उसके आपराधिक नेटवर्क, विदेश में बने संपर्कों और कथित पाकिस्तान कनेक्शन से जुड़े साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए