WhatsApp पर ई-चालान का फर्जी मैसेज, APK डाउनलोड कराकर करते थे ठगी; दो गिरफ्तार
जानकारी देते साइबर डीएसपी अमित कुमार व अन्य.| Prabhat Khabar Network
जामताड़ा में ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार हुए हैं. पुलिस ने 4 मोबाइल और 3 सिम कार्ड जब्त किये हैं.
संवाददाता, जामताड़ा: करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सुंदरजोरी गांव में साइबर थाना की पुलिस ने छापेमारी कर ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने सोमवार को सुंदरजोरी गांव निवासी सोनू कुमार मंडल के घर पर छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोतम कुमार मंडल (21) और सोनू कुमार मंडल (19) के रूप में हुई है. दोनों सुंदरजोरी गांव, थाना करमाटांड़ के निवासी हैं.
चार मोबाइल और तीन सिम कार्ड बरामद
साइबर डीएसपी अमित कुमार के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किये गये हैं. पुलिस ने बरामद मोबाइल और सिम को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
प्रारंभिक जांच में आरोपियों के साइबर ठगी से जुड़े होने की जानकारी सामने आने की बात पुलिस ने कही है.
व्हाट्सऐप पर भेजते थे फर्जी APK फाइल
पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों के व्हाट्सऐप नंबर पर आरटीओ ई-चालान के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजते थे. मैसेज के जरिए लोगों से उक्त फाइल डाउनलोड करायी जाती थी.
फाइल डाउनलोड होने के बाद आरोपियों द्वारा मोबाइल में मौजूद गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश की जाती थी. इसके बाद ई-वॉलेट के माध्यम से साइबर ठगी किये जाने की बात पुलिस ने बतायी है.
देश के विभिन्न राज्यों में फैला था कार्यक्षेत्र
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का कार्यक्षेत्र केवल जामताड़ा तक सीमित नहीं था. उनका साइबर ठगी का नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था.
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के साथ उनके नेटवर्क और ठगी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है.
यह भी पढ़ें:
चूहे के चक्कर में गई जान, 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आया अधेड़
BNS, IT Act और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट के तहत केस
मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 60/26 दर्ज किया गया है. प्राथमिकी BNS की संबंधित धाराओं के अलावा आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट के तहत दर्ज की गयी है.
छापेमारी टीम में साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक पुष्पेश्वर दास, पुलिस निरीक्षक मनीष कुमार गुप्ता समेत रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए