कार से खींचकर युवक को किया अगवा, चाकू दिखाकर धमकाया और चला दी गोली, जानें पूरा मामला

विज्ञापन

लोगों की लगी भीड़.

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

आदित्यपुर में सोमवार शाम एक युवक का कार से अपहरण कर लिया गया. अपराधियों ने चाकू दिखाकर धमकाया और गोलीबारी का भी आरोप है. पुलिस की सक्रियता से कुछ घंटों बाद युवक को तामोलिया इलाके में छोड़ दिया गया.

विज्ञापन

आदित्यपुर : सोमवार की शाम आदित्यपुर के आशियाना चौक के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब चार-पांच अपराधियों ने एक युवक को उसकी कार से जबरन उतारकर अगवा कर लिया. युवक को काली रंग की कार में बैठाकर अपराधी फरार हो गए. घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आसपास के थाना क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी गई.

विज्ञापन

कंपनी में सुपरवाइजर है अपहृत युवक

अपहृत युवक की पहचान बालीगुमा (कोलाबिरा) निवासी आफताब के रूप में हुई है. वह आरआइटी मोड़ के पास स्थित एक कंपनी में सुपरवाइजर के तौर पर काम करता है. बताया गया कि सोमवार को वह किसी काम से आदित्यपुर आया था और शाम को अपनी कार से गम्हरिया की ओर लौट रहा था. इसी दौरान आशियाना चौक के पास अपराधियों ने उसकी कार को रोक लिया.

चाकू दिखाया, फायरिंग का भी आरोप

युवक के मामा अफसर अली के अनुसार, चार-पांच लोगों ने आफताब को उसकी कार से जबरन बाहर निकाला और एक काली रंग की कार में बैठाकर अपने साथ ले गए. विरोध करने पर अपराधियों ने चाकू दिखाकर धमकाया. इस दौरान फायरिंग किए जाने का भी आरोप है. बताया गया कि गोली चलने से जमीन पर छेद हो गया. हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस को कोई खोखा नहीं मिला. पुलिस ने युवक की कार को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया और घटनास्थल की जांच शुरू की.

कुछ घंटे बाद तामोलिया में छोड़कर भागे

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों को अलर्ट करते हुए कड़ी नाकेबंदी शुरू कर दी. पुलिस की बढ़ती सक्रियता के बीच अपराधियों ने कुछ घंटे बाद आफताब को तामोलिया इलाके में छोड़ दिया और फरार हो गए. युवक के सुरक्षित मिलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली. फिलहाल पुलिस आफताब से पूछताछ कर रही है. यह पता लगाने में जुटी है कि उसका अपहरण किसने, क्यों और किस मकसद से किया था.

CCTV और अन्य सुराग खंगाल रही पुलिस

पुलिस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है. आशियाना चौक से लेकर तामोलिया तक संभावित सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर आफताब को अगवा करने वाले कौन थे और उनका मकसद क्या था?

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola