क्विज जीतकर पहुंच सकते हैं राष्ट्रीय मंच तक, 15 से 29 साल के युवाओं के लिए खास मौका..इस पोर्टल पर करें आवेदन
पोस्टर का विमोचन करते अधिकारी
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 की शुरुआत की है. पहला चरण विकसित भारत क्विज है, जो माय भारत पोर्टल पर आयोजित हो रहा है. यह युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देता है.
जमशेदपुर: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD)-2027 की शुरुआत की जा रही है. कार्यक्रम का पहला चरण विकसित भारत प्रश्नोत्तरी (Viksit Bharat Quiz) है, जिसका आयोजन MY Bharat पोर्टल www.mybharat.gov.in पर किया जा रहा है. इसमें देशभर के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं.
क्विज का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत @2047 की परिकल्पना से जोड़ना, उनमें जिज्ञासा और नेतृत्व क्षमता विकसित करना तथा राष्ट्रीय मंच पर अपने विचार रखने का अवसर देना है.
20 सवालों के लिए मिलेंगे 10 मिनट
विकसित भारत क्विज में भागीदारी पूरी तरह निःशुल्क है. प्रतियोगिता में 20 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और प्रतिभागियों को इसे पूरा करने के लिए 10 मिनट का समय मिलेगा. क्विज में भाग लेने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है.
क्विज में चयनित प्रतिभागियों को आगे निबंध लेखन, जिला स्तरीय प्रस्तुतीकरण, राज्य स्तरीय VBYLD और राष्ट्रीय संवाद के विभिन्न चरणों में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा. राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवा 10 से 12 जनवरी 2027 को नई दिल्ली में आयोजित VBYLD-2027 में शामिल होंगे. यहां युवाओं को विशेषज्ञों, केंद्रीय मंत्रियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के सामने अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा. वहीं, क्षेत्रीय फाइनलिस्टों को प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा.
पूर्वी सिंहभूम में युवाओं से अधिक भागीदारी की अपील
माय भारत, पूर्वी सिंहभूम के जिला युवा अधिकारी ने जिले में VBYLD-2027 के व्यापक प्रचार-प्रसार और युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त राजीव रंजन, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान और जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम और विकसित भारत क्विज के संबंध में जानकारी दी.
पदाधिकारियों ने क्विज के पोस्टर का अनावरण और प्रचार करते हुए जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं से अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की. इच्छुक प्रतिभागी www.mybharat.gov.in पर लॉगिन कर पंजीकरण कर सकते हैं. यह प्रतियोगिता युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने, राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने और विकसित भारत की दिशा में सार्थक योगदान देने का मंच प्रदान करती है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए