दो घरों के चिराग बुझे : मानगो और बिरसानगर में दो युवकों ने दी जान

जमशेदपुर के मानगो और बिरसानगर में दो युवकों ने फांसी लगाकर जान दी। दोनों मृतक अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
वरीय संवाददाता, जमशेदपुर शहर के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 24 घंटे के भीतर दो युवकों ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली. पहली घटना मानगो की है, जहां रोजगार के संकट से उपजे मानसिक तनाव के कारण एक युवक ने आत्मघाती कदम उठा लिया. वहीं, दूसरी घटना बिरसानगर की है, जहां तकनीकी शिक्षा ले रहे एक छात्र ने अज्ञात कारणों से जान दे दी. दुखद बात यह है कि दोनों ही युवक अपने-अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे. पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है.
केस 1: गुजरात से लौटकर ढूंढ रहा था काम, अवसाद में दी जान
पहली घटना मानगो के कृष्णानगर की है, जहां पीयूष कुमार (23 वर्ष) का शव शुक्रवार शाम घर में फंदे से लटका मिला. सूचना मिलने पर मानगो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा. परिजनों के अनुसार, पीयूष गुजरात की एक निजी कंपनी में कार्यरत था. करीब एक माह पहले वह अपने माता-पिता और बहन के साथ जमशेदपुर आया था और यहीं नौकरी की तलाश कर रहा था. परिजनों ने बताया कि स्थानीय स्तर पर लगातार प्रयास के बावजूद नौकरी नहीं मिलने के कारण वह गहरे मानसिक तनाव (डिप्रेशन) में रहने लगा था. आशंका जतायी जा रही है कि इसी अवसाद में आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया.
केस 2 : एनटीटीएफ के छात्र ने लगायी फांसी, वजह स्पष्ट नहीं
दूसरी घटना बिरसानगर थाना क्षेत्र के विजय गार्डेन गेट नंबर-2 मुराकाटी की है. यहां शनिवार सुबह रोहित गोप का शव घर में फंदे से लटका पाया गया. परिजनों की सूचना पर बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिये एमजीएम अस्पताल भेज दिया. परिजनों ने पुलिस को बताया कि रोहित गोलमुरी स्थित एनटीटीएफ से तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहा था और जल्द ही कैंपस प्लेसमेंट के जरिये उसकी नौकरी लगने की पूरी संभावना थी. रोहित भी अपने परिवार का इकलौता बेटा था. उसने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इस संबंध में परिजन कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं हैं. पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों व दोस्तों से पूछताछ कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










