निखार हत्याकांड : कॉल डिटेल से खुला बड़ा राज, पुलिस ने इसे किया गिरफ्तार, इनका नाम भी आया सामने
निखार सबलोक (फाइल फोटो).
जमशेदपुर के होटल टेंथ माइल में कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के बाद हमलावर सीसीटीवी फुटेज के ज़रिए पकड़े गए. पुलिस ने घाटशिला से एक युवक को गिरफ्तार किया है. शूटरों की तलाश में टीमें ओडिशा और पश्चिम बंगाल भेजी गईं.
जमशेदपुर : चांडिल थाना क्षेत्र के एनएच-33 स्थित होटल टेंथ माइल में कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के बाद हमलावर कार से घाटशिला की ओर भागे थे. घटना की जांच में जुटी सरायकेला और जमशेदपुर पुलिस की टीमों ने शूटरों का सुराग तलाशने के लिए 50 से अधिक स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. इसी क्रम में गालूडीह स्थित पुतरु टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को कार की तस्वीर मिली. फुटेज में सामने आयी तस्वीर के आधार पर पुलिस ने घाटशिला से एक युवक को गिरफ्तार किया है. सूत्रों के अनुसार, घटना के समय कार में शूटर के अलावा चालक और एक अन्य युवक भी मौजूद था. वहीं, शूटरों की तलाश में पुलिस की एक टीम ओडिशा और पश्चिम बंगाल भेजी गयी है. दोनों राज्यों में संभावित ठिकानों पर पुलिस छापेमारी और जांच कर रही है.
आपके शहर में
हमलावरों ने बलकार व उसके साथी पर भी की थी फायरिंग
एनएच-33 स्थित होटल टेंथ माइल स्टोन में सोमवार को कदमा विजया हेरिटेज फेज-6 निवासी सह होटल कारोबारी निखार सबलोक को शूटरों ने गोलियों से भून दिया था. आराम से निकल गए थे. ताबड़तोड़ फायरिंग करने के बाद भागे दोनों शूटरों ने होटल से निकलने के दौरान ही पिस्तौल की मैगजीन बदली. वहीं, फायरिंग की आवाज सुनकर होटल में निखार के साथ मौजूद रहे.
शूटरों ने बलकार सिंह की कार पर भी चलायी गोली
चांडिल निवासी सुखलाल पहाड़िया, जीवन और गुरुचरण कर्मकार बाहर भागे. उन्हें होटल के बाहर इनोवा कार में बैठे बलकार सिंह व उसके साथियों ने सुखलाल व जीवन को अपनी कार में बैठाया. इस बीच होटल से बाहर निकलने के बाद शूटरों ने बलकार सिंह की कार पर भी गोली चलायी. जिससे सभी भयभीत हो गये और कार से जमशेदपुर की ओर भागने लगे. कुछ दूर जाने के बाद वे कार मोड़कर वापस होटल लौटे. जब अंदर गये, तो निखार सबलोक खून से लथपथ जमीन पर गिरे थे. जिसके बाद बलकार सिंह, रुचित अग्रवाल, राकेश कोहली व एक अन्य युवक ने निखार को उठाकर कार से टीएमएच ले गये. पुलिस की पूछताछ में बलकार सिंह व उसके साथियों ने इसकी जानकारी दी है.
बिहार के हैं हमलावर
इधर, पुलिस की अबतक की जांच में यह बात सामने आयी है कि हमलावर बिहार के थे. इस कारण एसआइटी ने बिहार के आरा और छपरा में छापामारी की है. हालांकि, शूटरों की गिरफ्तारी को लेकर अबतक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है.
पुलिस ने बुंडू समेत कई टाेल प्लाजा के फुटेज खंगाले
सूत्रों के अनुसार, दोनों शूटर होटल से बाहर निकलने के बाद भी पिस्तौल लहराते हुए सड़क के दूसरी ओर गये. यहां उनकी कार पूर्व से खड़ी थी. इसके बाद हमलावर रांची की ओर भागे. पुलिस ने इस मामले में बुंडू टोल प्लाजा समेत बिहार जाने वाले रास्ते में पड़ने वाले कई टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, निखार सबलोक की हत्या में शातिर अपराधी सिंटू सिंह व उसके साथियों की भी संलिप्तता संदिग्ध की बात सामने आ रही है. वारदात के दौरान सिंटू सिंह को होटल के आसपास कुछ दूरी पर देखा गया था.
जेल से छूटकर सिंटू ने अखिलेश से मिलाया हाथ
सूत्र बताते हैं कि सिंटू सिंह जेल से छूटने के बाद हाइवे के किनारे के अलावा चांडिल, कपाली और एमजीएम थाना क्षेत्र में जमीन का कारोबार कर रहा है. सिंटू सिंह मानगो उलीडीह क्षेत्र का शातिर अपराधी है. उसपर फायरिंग, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के कई केस दर्ज हैं. जमशेदपुर पुलिस द्वारा सिंटू सिंह को तड़ीपार किया गया है. जिसके बाद से वह कपाली क्षेत्र में रहकर अपना गिरोह संचालित कर रहा है. सूत्र बताते हैं कि जेल से छूटने के बाद सिंटू सिंह ने अखिलेश सिंह गिरोह से हाथ मिला लिया था.
पूर्व में गुड्डू पांडेय के गिरोह से जुड़ा था सिंटू
मालूम हो कि सिंटू सिंह पूर्व में मानगो के शातिर अपराधी गुड्डू पांडेय के गिरोह से जुड़ा था. लेकिन, दोनों के बीच गणेश सिंह को लेकर विवाद हो गया. जिसके बाद सिंटू सिंह ने गुड्डू पांडेय के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मानगो क्षेत्र में दहशत फैला दी थी. पुलिस सिंटू सिंह की तलाश में जुटी है.
गैंगवार की आशंका को लेकर राघव से पूछताछ जारी
पुलिस मामले में सोनारी के खूंटाडीह निवासी अशोक सिंह राघव समेत उनके सहयोगियों से लगातार पूछताछ कर रही है. वहीं, पुलिस ने मंगलवार की देर रात अशोक सिंह राघव के सहयोगी मो कलाम और विष्णु के सोनारी स्थित घर पर छापामारी भी की, लेकिन दोनों फरार थे. जानकारी के अनुसार, विक्रम शर्मा की हत्या के बाद अखिलेश सिंह के कारोबार संभालने की जिम्मेवारी अशोक सिंह राघव को सौंपी गयी है. निखार सबलोक की हत्या में अखिलेश सिंह और गणेश सिंह के बीच गैंगवार की आशंका को देखते हुए पुलिस अशोक सिंह राघव से लगातार दो दिनों से पूछताछ कर रही है. पुलिस ने उनके मोबाइल के कॉल डिटेल को भी खंगाला है.
निखार के मोबाइल के कॉल डिटेल ने खोले कई राज
इधर, पुलिस इस मामले में घटना के प्रत्यक्षदर्शी सुखलाल पहाड़िया, गुरुचरण कर्मकार व जीवन से लगातार पूछताछ कर रही है. वहीं, पुलिस ने पूछताछ के बाद बुधवार को मनमन सिंह को छोड़ दिया. घटना के वक्त मौजूद निखार सबलोक के साथी बागुनहातु निवासी बलकार सिंह, रुचित अग्रवाल, राकेश कोहली व अन्य से भी थाना बुलाकर पूछताछ की है. इधर, पुलिस ने कारोबारी निखार सबलोक के मोबाइल के कॉल डिटेल, व्हाट्सएप कॉल और मैसेज को खंगाला है. इससे कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली है. पुलिस को इस बात की भी जानकारी मिली है कि निखार सबलोक शातिर अपराधी गणेश सिंह के साथ जुड़कर जमीन का कारोबार कर रहा था. इसके अलावा गणेश सिंह गिरोह से जुड़े कई लोगों से लगातार संपर्क में था.
होटल के बाहर मौजूद जेम्को के आशीष का फोटो वायरल

इधर, जांच कर रही पुलिस टीम को सोशल मीडिया पर होटल के बाहर खड़े टेल्को के जेम्को निवासी आशीष कुमार की तस्वीर मिली है. उक्त तस्वीर काफी वायरल और चर्चा का विषय बनी हुई है. आशीष कुमार जेम्को की महानंद बस्ती का रहने वाला है. वह शातिर अपराधी भीम कामत का साथी है. इधर, पुलिस की मानें तो निखार सबलोक की हत्या से जुड़े कई साक्ष्य हाथ लगे हैं. जल्द ही केस का उद्भेदन किया जायेगा. शूटरों की तलाश में छापामारी की जा रही है. एसआइटी लगातार झारखंड के अलग-अलग जिला के अलावा बिहार में छापामारी कर रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक से दो दिनों में केस का उद्भेदन कर दिया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए