TRF कर्मियों की बल्ले-बल्ले, बोनस पर हुआ समझौता, यहां जानें अधिकतम और न्यूनतम बोनस राशि...
कंपनी प्रबंधन और टीआरएफ लेबर यूनियन के बीच समझौता.
जमशेदपुर की टीआरएफ कंपनी के कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है. प्रबंधन और लेबर यूनियन के बीच 12.44% बोनस पर सहमति बन गई है. 154 कर्मचारियों को 18 सितंबर तक बोनस राशि मिल जाएगी.
जमशेदपुर : टीआरएफ कंपनी के कर्मचारियों का बोनस को लेकर चल रहा इंतजार खत्म हो गया है. कंपनी प्रबंधन और टीआरएफ लेबर यूनियन के बीच बोनस समझौते पर सहमति बन गयी है. इस साल कर्मचारियों को 12.44% बोनस मिलेगा. खास बात यह है कि निर्धारित फॉर्मूले से बनने वाले करीब 9.8% बोनस के मुकाबले 2.64 प्रतिशत अधिक बोनस देने पर प्रबंधन और यूनियन के बीच सहमति बनी है. समझौते का लाभ कंपनी के 154 कर्मचारियों को मिलेगा.
18 सितंबर तक खातों में पहुंच जायेगी बोनस की राशि
समझौते के अनुसार, बोनस की राशि 18 सितंबर तक सभी पात्र कर्मचारियों के बैंक खातों में सीधे भेज दी जायेगी. इस बार कर्मचारियों को न्यूनतम ₹29,634 और अधिकतम ₹91,022 तक बोनस मिलेगा.
बोनस की तस्वीर एक नजर में
बोनस दर : 12.44%, अधिकतम बोनस : ₹91,022, न्यूनतम बोनस : ₹29,634, लाभान्वित कर्मचारी : 154, भुगतान : 18 सितंबर तक
बैंक खाते में फॉर्मूले से 2.64% ज्यादा बोनस पर सहमति
उत्पादन, लाभ और सुरक्षा मानकों के आधार पर तय फॉर्मूले के अनुसार इस वर्ष कर्मचारियों का बोनस करीब 9.8% बन रहा था. यूनियन ने कर्मचारियों के निरंतर योगदान, मेहनत और कंपनी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए बोनस दर बढ़ाने की मांग रखी. यूनियन की मांग पर प्रबंधन ने सकारात्मक रुख अपनाया और फॉर्मूले के अतिरिक्त राशि जोड़कर 12.44% बोनस देने पर सहमति जतायी. इससे कर्मचारियों को निर्धारित फॉर्मूले से 2.64 प्रतिशत अधिक बोनस का लाभ मिलेगा.
सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ समझौता
बोनस समझौते पर कंपनी प्रबंधन और यूनियन के प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किये. समझौते के दौरान दोनों पक्षों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल रहा. प्रबंधन की ओर से प्रबंध निदेशक उमेश सिंह, सीएफओ अनिमेष उपाध्याय, सीएचआरओ अभिजीत सिंह, हेड मैन्युफैक्चरिंग रवि राव मांडा, हेड एससीएम सौरभ मेहता, हेड फाइनेंस एंड अकाउंट्स प्रियंका गांगुली और यूनिट लीडर (पर्सनल एवं आईआर) प्रमोद कुमार ने हस्ताक्षर किये.
यूनियन की ओर से इन्होंने किया समझाैते पर हस्ताक्षर
यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय, महामंत्री अंजनी कुमार, डिप्टी प्रेसिडेंट संजय कुमार, वाइस प्रेसिडेंट बेबी कुमारी, सहायक सचिव नवीन कुमार व मनीष कुमार, कोषाध्यक्ष प्रिया महतो, सुशील कुमार, धर्मेंद्र कुमार सिन्हा, धर्मेंद्र कुमार, राजीव कुमार सिंह, सुब्रता देव और रवि कुमार ने समझौते पर हस्ताक्षर किये.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए