बढ़ते अपराध से सहमा जमशेदपुर, अब साकची में उठेगी जनआवाज, इस दिन अनशन और हस्ताक्षर अभियान...
बैठक में मौजूद मनोज और अन्य.
शहर में बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति के खिलाफ सामाजिक संगठन 12 सितंबर को साकची गोलचक्कर पर एकदिवसीय अनशन करेंगे. आम नागरिकों को अपराध के खिलाफ एकजुट करने के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा.
जमशेदपुर : शहर में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ अब सामाजिक संगठनों ने आवाज बुलंद करने की तैयारी शुरू कर दी है. झारखंड मानवाधिकार सम्मेलन समेत विभिन्न सामाजिक संस्थाएं 12 सितंबर को साकची गोलचक्कर पर एकदिवसीय अनशन करेंगी. इस दौरान आम नागरिकों को अपराध के खिलाफ एकजुट करने के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा. जेएचआरसी ने शहरवासियों से बड़ी संख्या में अनशन स्थल पर पहुंचकर अभियान को समर्थन देने की अपील की है.
अपराध के खिलाफ बुलंद होगी आवाज
जेएचआरसी के केंद्रीय अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने गुरुवार को भूईयाडीह में संगठन की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कार्यक्रम की जानकारी दी. उन्होंने कहा - जमशेदपुर हमेशा से अमन-पसंद और शांतिप्रिय लोगों के शहर के रूप में जाना जाता रहा है, लेकिन हाल के दिनों में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के कारण शहर में भय का माहौल बन रहा है. उन्होंने कहा - आम और शरीफ नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, जबकि आपराधिक छवि वाले लोगों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं. मनोज मिश्रा ने आरोप लगाया कि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने वाली पुलिसिंग जमीन पर दिखाई नहीं दे रही है.
चेन छिनतई से हत्या तक, घटनाओं पर जतायी चिंता
जेएचआरसी अध्यक्ष ने कहा - शहर में महिलाओं से चेन छिनतई, चापड़बाजी, चोरी, लूट, छेड़खानी, दुष्कर्म, डकैती और हत्या जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. इन घटनाओं से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि किसी घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई जरूर दिखाई देती है, लेकिन अपराधियों में कानून का भय पैदा करने और घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी पुलिसिंग की जरूरत है. उनके अनुसार, अपराधी पुलिस-प्रशासन को चुनौती देते नजर आ रहे हैं.
जमशेदपुर को भयमुक्त और अपराधमुक्त बनाना लक्ष्य
मनोज मिश्रा ने कहा - अब आम जनता को अपनी सुरक्षा और शहर की शांति के लिए आवाज उठाने का समय आ गया है. 12 सितंबर का अनशन इसी जनआवाज का प्रतीक होगा. उन्होंने कहा कि जेएचआरसी की मांग स्पष्ट है - जमशेदपुर को भयमुक्त, अपराधमुक्त और खुशहाल शहर बनाया जाए. अनशन स्थल पर चलने वाला हस्ताक्षर अभियान भी इस मुहिम का हिस्सा होगा. इसके माध्यम से शहर के नागरिकों को अपराध के खिलाफ एकजुट करने का प्रयास किया जाएगा.
शहरवासियों से शामिल होने की अपील
मनोज मिश्रा ने शहरवासियों से अपील की कि वे 12 सितंबर को साकची गोलचक्कर पहुंचें और अनशन व हस्ताक्षर अभियान में शामिल होकर अपराध के खिलाफ चलाये जा रहे इस जनआंदोलन को अपना समर्थन दें. बैठक में मनोज मिश्रा के अलावा सलावत महतो, किशोर वर्मा, रेणु सिंह, अभिजीत चंदा, एसके बसु, ऋषि गुप्ता, गुरुमुख सिंह, संतोष कुमार, शिशिर डे, डीएन शर्मा, निभा शुक्ला, अनीमा दास, देवाशीष दास, आरसी प्रधान, श्यामलाल और जगन्नाथ मोहंती समेत जेएचआरसी के कई सदस्य मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए