LBSM कॉलेज में टाटा मोटर्स-एमआरएफ समेत तीन कंपनियां कर रहीं हायरिंग, 1000 युवाओं ने किया रजिस्ट्रेशन

Updated:
विज्ञापन

रोजगार मेले में शामिल युवा

जमशेदपुर के एलबीएसएम कॉलेज में मेगा अप्रेंटिसशिप सह रोजगार मेला शुरू हुआ है, जिसमें 1000 से अधिक युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है. टाटा मोटर्स, एमआरएफ और धूत ट्रांसमिशन जैसी प्रमुख कंपनियां विभिन्न पदों पर भर्ती कर रही हैं.

विज्ञापन

वरीय संवाददाता, जमशेदपुर

युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में मंगलवार को जमशेदपुर के एलबीएसएम कॉलेज में मेगा अप्रेंटिसशिप सह रोजगार मेला शुरू हुआ. कॉलेज के प्लेसमेंट सेल और क्वैस कॉर्प लिमिटेड के सहयोग से आयोजित इस मेले में करीब 1000 युवाओं ने पहले से रजिस्ट्रेशन कराया है. टाटा मोटर्स, एमआरएफ लिमिटेड और धूत ट्रांसमिशन प्राइवेट लिमिटेड सहित तीन प्रमुख कंपनियां विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन कर रही हैं.

सुबह से ही कॉलेज परिसर में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड के साथ पहुंचे. दस्तावेजों के सत्यापन के बाद कंपनियों द्वारा इंटरव्यू और सिलेक्शन प्रोसेस शुरू की गयी. अधिक भीड़ को देखते हुए सेमिनार हॉल के अलावा अन्य विभागों में भी अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गयी.

नौकरी में स्टाइपेंड के साथ मिल रही है कई सुविधाएं

रोजगार मेले में 12वीं, मैट्रिक, आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक उत्तीर्ण युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार अवसर दिए जा रहे हैं. टाटा मोटर्स गुजरात के साणंद और जमशेदपुर प्लांट के लिए अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध करा रही है, जबकि एमआरएफ लिमिटेड गुजरात स्थित अपने संयंत्र के लिए युवाओं का चयन कर रही है. वहीं धूत ट्रांसमिशन प्राइवेट लिमिटेड महाराष्ट्र स्थित अपने प्लांट के लिए ऑपरेटर और प्रशिक्षु पदों पर भर्ती कर रही है. चयनित अभ्यर्थियों को कंपनियों की ओर से निर्धारित स्टाइपेंड के साथ आवास, परिवहन, कैंटीन, बीमा एवं अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जायेगी.

कॉलेज प्रशासन ने बताया कि झारखंड से बाहर नियुक्त होने वाले अभ्यर्थियों की सभी कानूनी प्रक्रियाएं राज्य सरकार के नियमों के अनुरूप पूरी कराई जायेंगी.

पहले भी आयोजित हुआ है रोजगार मेला

कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. ए.के. झा ने बताया कि कॉलेज लगातार विद्यार्थियों को रोजगार से जोड़ने का प्रयास कर रहा है. पूर्व में आयोजित रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेलों के माध्यम से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को विभिन्न कंपनियों में अवसर मिल चुका है. उन्होंने कहा कि इस बार भी काफी संख्या में युवाओं की भागीदारी उत्साहजनक रही है.

फिलहाल चयन प्रक्रिया जारी है. अंतिम रूप से कितने अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट या चयनित किया गया है, इसकी आधिकारिक जानकारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जारी की जायेगी.


विज्ञापन
Sandeep

लेखक के बारे में

By Sandeep

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola