जमशेदपुर में रघुवर दास और सरयू राय के गुट आपस में भिड़े, जमकर चले लाठी-डंडे, जानें क्या है विवाद की वजह
Published by : Sameer Oraon Updated At : 29 Oct 2022 6:38 AM
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और विधायक सरयू राय गुट लोग आपस में उलझ गये. इस दौरान दोनों ओर से जमकर कुर्सियां और लाठी-डंडे चले. इस विवाद में 10 लोग घायल हो गये. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को शांत कराया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया.
जमशेदपुर का सिदगोड़ा सूर्य मंदिर परिसर शुक्रवार को रणक्षेत्र बन गया. पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और विधायक सरयू राय गुट के लोग आपस में उलझ गये. यहां कुछ लोगों ने रघुवर दास गुट का केनोपी (टेंट) उखाड़ दिया, इसके बाद रघुवर समर्थकों ने सरयू राय गुट के केनोपी को उखाड़ दिया. इस पर दोनों ओर से कुर्सियां और लाठी-डंडे चलने शुरू हो गये. काफी हंगामा होने लगा. महिलाएं भीड़ में दबने लगीं. सूर्य मंदिर समिति के भूपेंद्र सिंह और गुंजन यादव के साथ भाजमो जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव की भिड़ंत हो गयी. इस दौरान सुबोध श्रीवास्तव समेत 10 लोग घायल हो गये. मारपीट के दौरान कुछ छायाकारों को भी चोटें आयी हैं.
घटना की जानकारी मिलते ही सिदगोड़ा व आसपास के थाना क्षेत्रों से पुलिस बल को सूर्य मंदिर भेजा गया, घायलों को थाना लाया गया, जहां से इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीओ पीयूष सिन्हा, सिटी एसपी विजय शंकर, डीएसपी कमल किशोर, अनिमेष गुप्ता समेत अन्य कई थानों के प्रभारी घटनास्थल और फिर थाना पहुंचे. भाजपा नेता और कार्यकर्ता थाना गेट के बाहर धरना पर बैठ गये और विधायक सरयू राय के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे.
सूर्य मंदिर परिसर में छठ के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर रघुवर दास गुट की नेतृत्ववाली समिति ने पंडाल बनाया था. उसके पास ही सरयू राय गुट के सुबोध श्रीवास्तव समेत अन्य काफी लोगों ने एक केनोपी लगाकर वहां देर रात तक रुकने और अष्टजाम करने की बात कही थी. रघुवर गुट के लोग उन्हें वहां से केनोपी हटाने को कह रहे थे, जिसको लेकर दोपहर से ही किचकिच हो रही थी.
भाजमो के प्रदेश उपाध्यक्ष राम नारायण शर्मा ने कहा कि रघुवर दास ने सूर्य मंदिर कि मर्यादा को तार-तार कर दिया. उन्होंने चंद्रगुप्त सिंह को आगे कर घटना को अंजाम दिया. भाजमो के मात्र 10 कार्यकर्ता मौजूद थे, जिन पर 500 से अधिक की भीड़ ने हमला किया.
सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि विधायक सरयू राय ने योजनाबद्ध तरीके से विवाद को बढ़ाया. जबरन समर्थकों को भेज समारोह में बाधा पहुंचाने का काम किया. उन्होंने समिति के टेंट में तोड़फोड़ कर हमला कर दिया, जिससे भगदड़ हो गयी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










