Janmashtami 2026: सिदगोड़ा सूर्यधाम में 2 से 4 सितंबर तक खास आयोजन, डांस प्रतियोगिता में 20 हजार तक का इनाम
जन्माष्टमी
जमशेदपुर के सिदगोड़ा सूर्यधाम में 2 से 4 सितंबर तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है. इस दौरान बाल राधा-कृष्ण सजाओ और सामूहिक नृत्य प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे. विशेष रूप से, सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 20,000 रुपये का है.
जमशेदपुर: सिदगोड़ा स्थित सूर्यधाम में दो से चार सितंबर तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जायेगा. इस दौरान बाल राधा-कृष्ण सजाओ और सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता समेत कई कार्यक्रम होंगे. चार सितंबर की मध्यरात्रि में बाल गोपाल का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जायेगा.
आपके शहर में
सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने सोमवार को भालुबासा स्थित एक होटल में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में महोत्सव की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि दो सितंबर को बिरसा मुंडा टाउन हॉल में शाम पांच बजे बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता का ऑडिशन होगा. वहीं, तीन सितंबर को सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता का ऑडिशन आयोजित किया जायेगा. दोनों प्रतियोगिताओं का फाइनल चार सितंबर की शाम पांच बजे सूर्य मंदिर परिसर में होगा.
आज फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि
मीडिया प्रभारी प्रमोद मिश्रा ने बताया कि दोनों प्रतियोगिताओं के लिए फॉर्म का वितरण 29 अगस्त से मंदिर परिसर में किया जा रहा है. फॉर्म सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम चार बजे से सात बजे तक मिल रहा है. फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि एक सितंबर शाम सात बजे तक है.
बाल राधा-कृष्ण प्रतियोगिता में 7 हजार का पुरस्कार
मंदिर समिति के महासचिव अखिलेश चौधरी ने बताया कि बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता में प्रथम विजेता को 7,000 रुपये, द्वितीय को 5,000 रुपये और तृतीय को 3,000 रुपये नकद पुरस्कार दिया जायेगा. इस प्रतियोगिता में प्रतिभागी की अधिकतम उम्र 10 वर्ष निर्धारित की गयी है.
सामूहिक नृत्य में प्रथम पुरस्कार 20 हजार
सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 20,000 रुपये, द्वितीय 15,000 रुपये और तृतीय पुरस्कार 10,000 रुपये रखा गया है. इसके अलावा बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता के प्रतिभागियों तथा सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में चौथे और पांचवें स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन राशि दी जायेगी.
मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे रघुवर दास
जन्माष्टमी के मुख्य कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री व मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास, विधायक पूर्णिमा साहू, मंदिर समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह समेत अन्य लोग शामिल होंगे.
आयोजन की जिम्मेदारी भी तय
बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता के प्रभारी गुंजन यादव बनाये गये हैं. उनके सहयोग के लिए अखिलेश चौधरी, रूबी झा, बोलटू सरकार, मीरा झा, कृष्णमोहन सिंह, रंजीत सिंह और सीतारामडेरा मंडल के सदस्यों को जिम्मेदारी दी गयी है. सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता के प्रभारी दिनेश कुमार होंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए