जमशेदपुर में बड़े पैमाने पर पुलिस अधिकारियों का तबादला, कई थानेदार बदले; 7 दिनों में मालखाना प्रभार लेने का अल्टीमेटम
जमशेदपुर (फाइल फोटो)
जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है. कई थानों के प्रभारी बदले गए हैं और नए अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
जमशेदपुर : जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने, अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने, मामलों के गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और पुलिस प्रशासन में कसावट लाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर पुलिस अधिकारियों का तबादला किया गया है. एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने शुक्रवार को जिले के कई पुलिस निरीक्षकों (इंस्पेक्टर) और पुलिस अवर निरीक्षकों (एसआई) का स्थानांतरण करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से नयी जिम्मेदारी सौंपी है. समय से पहले किये गये इन तबादलों को लेकर डीआईजी का अनुमोदन भी प्राप्त कर लिया गया है.
इंस्पेक्टर स्तर पर कई प्रमुख थानों में फेरबदल
मानगो थाना : घाटशिला के अंचल निरीक्षक बिरेन्द्र कुमार को मानगो थाना का नया प्रभारी बनाया गया है. मानगो के निवर्तमान थाना प्रभारी नित्यानंद प्रसाद को साकची यातायात थाना की जिम्मेदारी दी गयी है.
सोनारी थाना : गोलमुरी के थाना प्रभारी संजय सुमन अब सोनारी थाना के नये प्रभारी होंगे. वहीं, सोनारी के निवर्तमान थाना प्रभारी मधुसूदन दे को साइबर अपराध थाना भेजा गया है.
गोलमुरी थाना : सीसीआर में तैनात प्रशांत कुमार सिंह को गोलमुरी थाना का नया प्रभारी बनाया गया है.
आजादनगर थाना : साइबर अपराध थाना में तैनात राजन कुमार को आजादनगर थाना प्रभारी बनाया गया है. आजादनगर के निवर्तमान प्रभारी चन्दन कुमार को गोलमुरी पुलिस केंद्र भेजा गया है.
परसुडीह और घाटशिला थाना : घाटशिला के थाना प्रभारी राजेन्द्र कुमार मुण्डा को परसुडीह का नया थाना प्रभारी बनाया गया है. परसुडीह के निवर्तमान प्रभारी अविनाश कुमार को साइबर अपराध थाना भेजा गया है. वहीं, साइबर अपराध थाना में तैनात भूषण कुमार को घाटशिला का नया थाना प्रभारी बनाया गया है.
साकची यातायात थाना : साकची यातायात थाना प्रभारी शंकर कुमार को गोलमुरी पुलिस केंद्र भेजा गया है. वहीं, गोलमुरी पुलिस केंद्र में तैनात अजय कुमार को घाटशिला का नया अंचल निरीक्षक बनाया गया है.
एसआई स्तर पर भी कई थानों के प्रभारी बदले
जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के कई थानों में पुलिस अवर निरीक्षकों का भी तबादला किया गया है.
बहरागोड़ा : गोलमुरी थाना के एसआई रवि होनाहागा को बहरागोड़ा का नया थाना प्रभारी बनाया गया है. निवर्तमान प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा को गोलमुरी थाना भेजा गया है.
बरसोल : बिष्टुपुर थाना से कुमार इन्द्रेश को बरसोल थाना प्रभारी बनाया गया है. निवर्तमान प्रभारी अभिषेक कुमार को परसुडीह थाना स्थानांतरित किया गया है.
श्यामसुन्दरपुर : परसुडीह थाना से पवन कुमार को श्यामसुन्दरपुर का नया प्रभारी बनाया गया है. वहां के निवर्तमान प्रभारी सुनिल कुमार भोक्ता को गोलमुरी थाना भेजा गया है.
कमलपुर : कदमा थाना से धनन्जय पासवान को कमलपुर थाना प्रभारी बनाया गया है. निवर्तमान प्रभारी अशोक कुमार को गोलमुरी पुलिस केंद्र भेजा गया है.
कोवाली : साकची थाना से एसआई अमित कुमार चौधरी को कोवाली का नया प्रभारी बनाया गया है. कोवाली के निवर्तमान प्रभारी मुकेश कुमार साव को साकची थाना भेजा गया है.
मुसाबनी : परसुडीह थाना से एसआई करमपाल भगत को मुसाबनी थाना प्रभारी बनाया गया है. निवर्तमान प्रभारी अनुज कुमार सिंह को परसुडीह थाना भेजा गया है.
डुमरिया : मानगो थाना से एसआई अमित कुमार को डुमरिया का नया थाना प्रभारी बनाया गया है. डुमरिया के निवर्तमान प्रभारी पंचम तिग्गा को कदमा थाना भेजा गया है.
सात दिनों में मालखाना प्रभार लेने का निर्देश
तबादले के साथ एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल नये पदस्थापन स्थल पर योगदान देने और प्रभार ग्रहण करने का निर्देश दिया है. आदेश में खास तौर पर सभी नये थाना प्रभारियों को सात दिनों के भीतर थाना मालखाना का प्रभार अनिवार्य रूप से लेने को कहा गया है. निर्धारित समय-सीमा के भीतर मालखाना का प्रभार नहीं लेने या प्रभार नहीं सौंपने की स्थिति में निवर्तमान थाना प्रभारी और संबंधित प्रभारधारी अधिकारी, दोनों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए