टाटा स्टील के टिनप्लेट डिवीजन में हादसा : 5 घंटे चले हंगामे के बाद मुआवजे पर बनी सहमति, जानें क्या फैसला हुआ
वार्ता की तस्वीर.
जमशेदपुर में टाटा स्टील के टिनप्लेट विस्तार प्रोजेक्ट में ठेका मजदूर की मौत से हड़कंप मच गया. हादसे के बाद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारी हंगामा किया. अंततः, पीड़ित परिवार के लिए 20 लाख रुपये नकद और 25,000 रुपये की मासिक पेंशन का ऐलान किया गया.
जमशेदपुर : टाटा स्टील के टिनप्लेट विस्तार प्रोजेक्ट में शुक्रवार को हादसे में ठेका मजदूर संजय शर्मा की मौत हो गयी. वहीं, उसका साथी दिलीप शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया. उसका टीएमएच के सीसीयू में इलाज चल रहा है. यहां स्थिति गंभीर बतायी जा रही है. कंपनी प्रबंधन ने बताया - बीएन दत्ता एजेंसी के मजदूरों के साथ वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट वाली जगह पर यह दुर्घटना हुई. वहां टावर क्रेन के बेस पर शटरिंग लगाने का काम चल रहा था. कंपनी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए जांच के आदेश दिये हैं. दोनों मजदूर बागबेड़ा के रहने वाले थे.
शाम से लेकर रात तक चला बवाल
हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में भाजपा, कांग्रेस और झामुमो के नेता-कार्यकर्ता जुटने लगे. उन्होंने मुआवजा के रूप में 50 लाख रुपये और मृतक के एक आश्रित को स्थायी नौकरी देने की मांग की. इस दौरान भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष गुंजन यादव और कंपनी के सुरक्षा अधिकारी के बीच विवाद होने से हंगामा की स्थिति उत्पन्न हो गयी. कंपनी के सुरक्षाकर्मियों ने गेट नहीं खोला, तो आक्रोशित कांग्रेस नेता धक्का-मुक्की कर सीधे अस्पताल से सटे कंपनी परिसर में अंदर जाकर धरने पर बैठ गये. करीब साढ़े पांच घंटे तक हंगामा चलता रहा.

रात 10:30 बजे मुआवजा और पेंशन पर बनी सहमति
काफी देर तक चले हंगामा के बाद रात 10:30 बजे पीड़ित परिवार को मुआवजा व हर माह पेंशन देने की सहमति बनी. जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार को 20 लाख रुपये नकद मिलेंगे. वहीं, नौकरी की जगह फैमिली स्कीम के तहत परिवार को हर माह 25,000 रुपये पेंशन दी जायेगी. इसमें हर साल 1,000 रुपये की बढ़ोतरी होगी और यह पेंशन अगले 18 सालों (मजदूर की बची हुई नौकरी की अवधि) तक मिलेगी. पीएफ और इंश्योरेंस का पैसा भी परिवार को अलग से मिलेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए