लड्डू वाले गणेश : बप्पा के 11 किलो के लड्डू की 71 हजार में लगी बोली, जानें क्या है ये अनोखी परंपरा

Updated:
विज्ञापन

11 किलो के लड्डू के लिए लगी 71 हजार की बोली.

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

जमशेदपुर के कीताडीह बॉयज क्लब के गणेशोत्सव में 11 किलो के महाप्रसादी लड्डू की 71 हजार रुपये में नीलामी हुई, जिसने पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया. इस नीलामी से जुटने वाली पूरी राशि जरूरतमंदों की मदद में खर्च की जाएगी.

विज्ञापन

जमशेदपुर : कीताडीह बॉयज क्लब के गणेशोत्सव में शुक्रवार को आस्था, उमंग और दानशीलता का अनूठा संगम देखने को मिला. ढोल-नगाड़ों की थाप, आतिशबाजी की चमक और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के गगनभेदी जयकारों के बीच 11 किलो के महाप्रसादी लड्डू की नीलामी मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी रही.

विज्ञापन

कीताडीह के राम ने लगाई 71 हजार रुपये की बोली

रोमांचक बोली के बीच कीताडीह निवासी राम महतो ने सबसे ऊंची 71 हजार रुपये की बोली लगाकर यह महाप्रसाद अपने नाम कर लिया. लड्डू हाथ में आते ही पूरा पंडाल परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. राम महतो ने कहा - बप्पा के इस महाप्रसाद से घर में सुख-समृद्धि आती है और इसी अटूट आस्था के चलते उन्होंने यह बोली लगाई.


500 रुपये से शुरू हुआ सफर, अब रिकॉर्ड तोड़ रही आस्था

क्लब के अध्यक्ष बंटी सिंह ने बताया - पिछले आठ वर्षों से जारी इस अनूठी परंपरा में हर साल नया उत्साह देखने को मिलता है. जब यह सिलसिला शुरू हुआ था, तब पहली बार महज 500 रुपये में बोली छूटी थी. समय बीतने के साथ भक्तों की श्रद्धा और प्रतिस्पर्धा दोनों बढ़ती गई. क्लब के मुताबिक पिछले चार वर्षों से यह आंकड़ा लगातार 50 हजार के पार जा रहा है. बीते वर्ष 2025 में यह बोली 70 हजार रुपये तक पहुंची थी, जिसका रिकॉर्ड इस बार 71 हजार रुपये की बोली के साथ टूट गया. कहा जाता है कि जो भी अपने घर ये लड्डू लेकर जाता है उसकी हर मनोकामना पूरी होती है.

आस्था से सेवा का संकल्प : जरूरतमंदों पर खर्च होगी राशि

कीताडीह बॉयज क्लब की यह पहल केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा की मिसाल भी पेश करती है. क्लब पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नीलामी से जुटने वाली पूरी राशि को जरूरतमंद व असहाय परिवारों की मदद में खर्च किया जाएगा. यह राशि निर्धन बच्चों की पढ़ाई, बीमारों के इलाज और कमजोर तबके की सहायता में काम आएगी. धार्मिक आयोजन में सामाजिक सरोकार की इस मिसाल को स्थानीय लोगों की भी भरपूर सराहना मिल रही है. शुक्रवार को दिनभर पंडाल में दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा और लोगों ने विधिवत पूजन कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola