गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा जमशेदपुर, पुलिस की नाक के नीचे फल कारोबारी को मारी गोली, हालत नाजुक
Published by : Sameer Oraon Updated At : 11 Feb 2026 7:21 PM
जमशेदपुर में फल कारोबारी पर फायरिंग, Symbolic Image Created by- AI
Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के गोलमुरी में बुधवार सुबह खूनी खेल खेला गया. थाना से महज 200 मीटर दूर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में योग करने आए फल कारोबारी कन्हैया यादव को बाइक सवार अपराधियों ने सिर, हाथ और पैर में 4 गोलियां मारीं. वह फिलहाल टीएमएच में भर्ती हैं. कारोबारी पर हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
Jamshedpur Crime News, जमशेदपुर : जमशेदपुर से गोलमुरी थाना से महज 200 मीटर दूर टीनप्लेट स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स परिसर में बुधवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर फल कारोबारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना में नामदा बस्ती निवासी फल कारोबारी कन्हैया यादव को सिर, हाथ और पैर में चार गोली लगी है. उसे गंभीर हालत में टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है. घटना सुबह करीब 11 बजे की है. गोली चलने की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गयी. घटना के बाद अपराधी मौके पाकर फरार हो गये.
बाइक स्टार्ट करते समय सिर में मारी गोली
प्राप्त जानकारी के अनुसार कन्हैया यादव रोज की तरह अपने मित्र रंजीत शर्मा के साथ टीनप्लेट स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में योग और वॉकिंग करने पहुंचे थे. योग और टहलने के बाद दोनों कुछ देर मैदान में बैठे रहे. करीब 11 बजे कन्हैया यादव जैसे ही घर लौटने के लिए अपनी स्पलेंडर बाइक (जेएच 05 बी-1966) पर बैठे और चाबी लगायी, तभी पहले से घात लगाकर बैठे बाइक सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे और सिर में सटाकर गोली मार दी. इसके बाद उसके हाथ और पैर में भी गोली चलायी. गोली लगते ही कन्हैया वहीं गिर पड़े. फायरिंग के बाद तीनों अपराधी बाइक से फरार हो गये.
तीन खोखा और एक जिंदा गोली बरामद
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा और एक जिंदा गोली बरामद की है. इसके अलावा कन्हैया की गिरी हुई बाइक और एक जूता भी घटनास्थल से मिला है.
लोगों में दहशत, अस्पताल पहुंचाया गया घायल
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने क्वार्टरों से बाहर निकल आये. वहीं, आस पास रह रहे स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल टीएमएच पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बतायी जा रही है.
आपसी रंजिश में गोली मारने की आशंका
पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश के कारण गोली मारने की आशंका जतायी जा रही है. हालांकि, घटना के पीछे के सटीक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी मिले हैं, जिसके आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है. दिनदहाड़े थाना से कुछ ही दूरी पर हुई इस घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं.
Also Read: चाईबासा उद्यान महाविद्यालय में ‘दीक्षारंभ’, डॉ. विशाल नाथ बोले- झारखंड में बागवानी की अपार संभावनाएं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










