Indian Railways: रेल यात्री ध्यान दे! सितम्बर में करना है सफर तो जरूर चेक कर ले अपनी ट्रेन का स्टेटस, रेलवे करने जा रहा है ये काम

Updated:
विज्ञापन

ट्रेन (सांकेतिक तस्वीर)

दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में विकास कार्यों के चलते ट्रेनों के रद्द होने और समय बदलने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों और छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

विज्ञापन

प्रमुख संवाददाता जमशेदपुर

दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में विकास कार्यों और पटरी मरम्मत के नाम पर लगातार ट्रेनों के रद्द (कैंसिलेशन) और शॉर्ट-टर्मिनेट किए जाने से आम यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई है. हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर स्थित इस महत्वपूर्ण रेल मंडल में आए दिन रोलिंग ब्लॉक और नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआइ) कार्य के कारण दर्जन भर से अधिक ट्रेनें प्रभावित हो रही हैं. इसकी शुरुआत हो चुकी है. ट्रेनें रद्द होने से सबसे बुरा असर टाटानगर, चक्रधरपुर, राउरकेला, झारसुगुड़ा और आसपास के क्षेत्रों से रोजाना सफर करने वाले दैनिक रेल यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और छात्रों पर पड़ रहा है. लोकल और मेमू ट्रेनों के अचानक रद्द हो जाने के कारण लोगों को महंगे बस किराए या निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है.

स्टेशन पहुंचने के बाद यात्रियों को ट्रेन रद्द होने की जानकारी मिल रही है, जिससे आरक्षण केंद्रों पर भी रिफंड कराने वालों की लंबी कतारें दिख रही हैं. रेलवे प्रशासन का कहना है कि बंडामुंडा-राउरकेला के बीच पांचवीं लाइन के निर्माण, ट्रैक दोहरीकरण और नियमित मेंटेनेंस के कारण यह ब्लॉक लिया जा रहा है. हालांकि, यात्रियों का कहना है कि बिना किसी ठोस वैकल्पिक व्यवस्था के लगातार ट्रेनें बंद करने से पूरी रेल यातायात व्यवस्था चरमरा गई है. न केवल पैसेंजर, बल्कि हावड़ा, गीतांजलि और अहमदाबाद एक्सप्रेस जैसी लंबी दूरी की प्रमुख गाड़ियां भी घंटों की देरी से चल रही हैं.

रद्द ट्रेनों की सूची

  1. आद्रा रेल मंडल में विकास कार्य को लेकर तीन से नौ अगस्त तक ब्लॉक चालू हो गया है. ब्लॉक के कारण अलग-अलग तिथियों में 11 मेमू ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि 12 एक्सप्रेस ट्रेनों को गंतव्य से पहले आद्रा, महुदा, पुरुलिया स्टेशनों पर यात्रा समाप्त करेगी और इसी स्टेशन से खुलेगी.
  2. श्रावणी मेला के दौरान अगस्त माह में हर गुरुवार को आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस ट्रेन परिवर्तित मार्ग चांडिल-कांड्रा-सीनी होकर चलेगी. इससे यह ट्रेन टाटानगर स्टेशन नहीं आयेगी. वहीं, हर शुक्रवार को दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस ट्रेन अपने समय व निर्धारित मार्ग से चलेगी.
  3. बालेश्वर स्टेशन में चल रहे विकास कार्यों के मद्देनजर नई दिल्ली और आनंद विहार से भुवनेश्वर और पुरी की ओर चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनें अगस्त में चक्रधरपुर रेल मंडल के परिवर्तित मार्ग से संचालित होंगी. इन ट्रेनों के मार्ग परिवर्तन के कारण नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस टाटानगर स्टेशन नहीं जा रही है. आनंद विहार टर्मिनल-पुरी एक्सप्रेस चांडिल-कांड्रा-सीनी-राजखरसावां-नयागढ़-जाखापुरा के रास्ते 7 अगस्त तक चलेगी. नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस चांडिल-कांड्रा-सीनी-राजखरसावां-नयागढ़-जाखापुरा के रास्ते 5 अगस्त तक चलायी जायेगी. भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग वाया जाखापुरा-नयागढ़-राजखरसावां-सीनी-कांड्रा-पुरुलिया-रुकनी-जोजूडीह के रास्ते 9 अगस्त तक चलेगी.
  4. चक्रधरपुर रेल मंडल में बंडामुंडा के केबिन से बंडामुंडा ए- केबिन तक 5वीं नयी रेल लाइन को चालू करने के लिये कमीशनिंग व नॉन इंटरलॉकिंग का महत्वपूर्ण कार्य पूरा किया जायेगा. 25 सितंबर से 2 अक्तूबर तक ट्रैफिक ब्लॉक की स्वीकृति दे दी है. 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक 30 एक्सप्रेस व मेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया है. नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस 27 सितंबर को परिवर्तित मार्ग बोकारो स्टील सिटी-आद्रा-मिदनापुर-हिजली से होकर चलेगी.
  5. 10 अगस्त तक टाटा-गुवा मेमू का प्रस्थान टाटानगर के बजाय आदित्यपुर स्टेशन से होगा. गुवा-टाटा मेमू आदित्यपुर स्टेशन पर ही अपनी यात्रा समाप्त करेंगी. यात्रियों को टाटानगर और आदित्यपुर के बीच आने-जाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी.
  6. सितंबर में खड़गपुर आरओबी पर पांच गार्डरों की लांचिंग होनी है. इसको देखते हुए हावड़ा-मुंबई रेल मार्ग की 20 एक्सप्रेस व लोकल ट्रेनें रद्द रहेगी. सात एक्सप्रेस ट्रेनों का समय बदला गया है. हावड़ा-मुंबई रेल मार्ग पर 19 से 21 सितंबर तक परिचालन का असर पड़ेगा.


विज्ञापन
भूमि शर्मा

लेखक के बारे में

By भूमि शर्मा

भूमि शर्मा पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हुई हैं. वर्तमान में वह मुख्य रूप से जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों की खबरों को कवर करती हैं. इससे पहले वह एजुकेशन बीट और झारखंड बीट पर भी काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने शैक्षणिक बदलावों और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर लेखन किया है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola