CNG भरते ही पंप पर हुआ जोरदार धमाका, नोजल सिर में लगने से चली गयी तुषार की जान
तुषार कुमार (फाइल फोटो)
जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया. सीएनजी सिलेंडर का पाइप फटने से गंभीर रूप से घायल हुए पंप कर्मचारी तुषार कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई.
जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र कालीमाटी रोड स्थित हावड़ा ब्रिज के पास आरके जैन भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप पर अचानक सीएनजी सिलेंडर का पाइप तेज धमाके के साथ फट गया, जिसके बाद गैस का तीव्र रिसाव शुरू हो गया. गुरुवार रात करीब 10 बजे हुई घटना में पेट्रोल पंप का एक कर्मचारी तुषार कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके सिर पर चोट लगी.
आपके शहर में
पंप पर मौजूद सहकर्मी तत्परता दिखाते हुए तुषार कुमार को इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल ले गये, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. तुषार कुमार सोनारी का रहने वाला था. हादसे की जानकारी मिलने पर उसके घरवाले टीएमएच पहुंचे. अस्पताल में घरवालों और पंप के सहकर्मियों का रो-रो कर बुरा हाल था.
कार में सीएनजी भरने के दौरान हुई घटना
पंपकर्मियों के अनुसार, तुषार रात ड्यूटी में आया था. वही वाहनों में सीएनजी गैस भरता था. ड्यूटी आते ही वह एक कार में सीएनजी गैस डालने लगा. इसी दौरान अचानक सीएनजी सिलेंडर का पाठ्प फट गया और उसका नोजल अलग होकर उसके सिर पर जा लगा. गंभीर चोट लगने से तुषार लहूलुहान होकर गिर पड़ा.
आनन-फानन में उसे टीएमएच लाया गया. जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था तुषार
तुषार के घरवालों के अनुसार, तुषार ही घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था. घरवालों ने तुषार की मौत पर पेट्रोल पंप संचालक से मुआवजा की मांग की है. वहीं, हादसे के बाद तुरंत गेल कंपनी को सूचना दी गयी.
इस पर गेल कंपनी की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद गैस रिसाव को पूरी तरह बंद किया, तब जाकर स्थिति नियंत्रण में आयी. सूचना मिलने पर गोलमुरी थाना पुलिस भी पहुंची.
पंप पर मची भगदड़, वाहन छोड़ भागे लोग
धमाका होते ही पंप पर मौजूद कर्मचारियों के साथ-साथ अपनी गाड़ियों में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी भरवाने आये लोगों के बीच हड़कंप मच गया. लोग अनहोनी के डर से अपने-अपने वाहन पेट्रोल पंप पर ही छोड़कर जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागने लगे.
Also See : CNG पंप पर दर्दनाक हादसा, तुषार की गई जान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए