बारीडीह की पूजा ने रचा इतिहास, सीएस परीक्षा में हासिल की ऑल इंडिया 20वीं रैंक

Updated:
विज्ञापन

पूजा सिंह.

बारीडीह की बेटी पूजा सिंह ने सीएस परीक्षा में ऑल इंडिया 20वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार और जमशेदपुर का नाम रोशन किया है. मां के प्रोत्साहन और अपनी लगन से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया.

विज्ञापन

जमशेदपुर : मेहनत, लगन और लगातार प्रयास के दम पर बारीडीह की बेटी पूजा सिंह ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. विद्यापतिनगर, बारीडीह निवासी पूजा सिंह ने कंपनी सेक्रेटरी (सीएस) परीक्षा में ऑल इंडिया 20वीं रैंक हासिल कर जमशेदपुर ही नहीं, पूरे झारखंड का नाम रोशन किया है. मंगलवार को परीक्षा परिणाम जारी होते ही परिवार और परिचितों में खुशी की लहर दौड़ गयी. खास बात यह है कि पूजा ने यह मुकाम अपने चौथे प्रयास में हासिल किया.

आपके शहर में

विज्ञापन

अपनी मां को दिया सफलता का श्रेय

'प्रभात खबर' से विशेष बातचीत में पूजा ने अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपनी मां रीना सिंह को दिया. उन्होंने कहा - हर मुश्किल दौर में उनकी मां ने हौसला बढ़ाया और लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. गृहिणी मां के प्रोत्साहन ने पूजा को असफलताओं के बावजूद प्रयास जारी रखने की ताकत दी.

पिता दिल्ली में डीजीएम के पद पर कार्यरत

पूजा के पिता मनोज कुमार सिंह दिल्ली की एक निजी कंपनी में डीजीएम के पद पर कार्यरत हैं. पूजा की शुरुआती पढ़ाई जमशेदपुर में ही हुई. उन्होंने 2017 में डीएवी पटेलनगर से 85 प्रतिशत अंकों के साथ मैट्रिक और वर्ष 2019 में वैली व्यू स्कूल, टेल्को से 82 प्रतिशत अंकों के साथ इंटर की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की.

पढ़ाई के साथ व्यावहारिक अनुभव भी हासिल किया

पढ़ाई के साथ व्यावहारिक अनुभव हासिल करने पर भी पूजा ने पूरा जोर दिया. पिछले करीब डेढ़ वर्षों से वह बिष्टुपुर स्थित प्रतिष्ठित एसके नरेडी कंपनी में शिखा नरेडी के मार्गदर्शन में बतौर ट्रेनी कार्यरत हैं. पढ़ाई और प्रशिक्षण के बीच बेहतर तालमेल बनाते हुए उन्होंने सीएस परीक्षा में शानदार रैंक हासिल की. पूजा की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ बारीडीह और आसपास के लोगों में भी उत्साह है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola