जिस पैसे से चुकाना था शादी का कर्ज, वह भी आग में जल गया! बहरागोड़ा में जमुना मुंडा का घर राख
जला हुआ घर को दिखाता पीड़ित परिवार
बहरागोड़ा के पाथरघाटा गांव में शुक्रवार देर रात अगलगी की घटना में जमुना मुंडा का फूस का घर जलकर राख हो गया. घर में रखे 20 हजार रुपये, अनाज और जरूरी सामान सब आग की भेंट चढ़ गए. परिवार पर अब रहने और खाने का संकट आ गया है.
बहरागोड़ा: बरसोल थाना क्षेत्र के पाथरघाटा गांव में शुक्रवार देर रात अगलगी की घटना में जमुना मुंडा का फूस का घर जलकर राख हो गया. आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला. नकद 20 हजार रुपये, धान, चावल, बर्तन, साइकिल, सूटकेस और जरूरी दस्तावेज समेत पूरा सामान जल गया. घटना के बाद परिवार के सामने रहने और खाने का संकट उत्पन्न हो गया है. पीड़िता ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल सहायता की गुहार लगायी है.
शोर सुनकर घर से निकलीं, तो ऊपर के हिस्से में लगी थी आग
जानकारी के अनुसार, जमुना मुंडा अपनी बेटी लक्ष्मी मुंडा के साथ घर में सो रही थीं. इसी दौरान अचानक बाहर शोर सुनाई दिया. बाहर निकलकर देखा, तो घर के ऊपरी हिस्से में आग लगी हुई थी. देखते ही देखते आग ने पूरे फूस के घर को अपनी चपेट में ले लिया. ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया और दमकल विभाग को सूचना दी. हालांकि, दमकल की गाड़ी पहुंचने तक घर का सारा सामान जलकर राख हो चुका था.
बेटे ने शादी के बाद कर्ज चुकाने के लिए भेजे थे 20 हजार रुपये
जमुना मुंडा ने बताया कि उनका बेटा सोमनाथ तमिलनाडु में काम करता है. हाल ही में उसकी शादी हुई थी. शादी के बाद उधार चुकाने के लिए उसने 20 हजार रुपये भेजे थे. यह राशि घर में रखी हुई थी, लेकिन अगलगी में वह भी जल गयी. नकदी के अलावा घर में रखा धान, चावल, बर्तन, साइकिल, सूटकेस और जरूरी कागजात भी आग की भेंट चढ़ गये. परिवार की जमा-पूंजी और रोजमर्रा के जरूरी सामान नष्ट होने से उनकी परेशानी बढ़ गयी है.
आसपास पानी की व्यवस्था नहीं होने से नहीं बुझ सकी आग
ग्रामीणों के अनुसार, घटनास्थल के आसपास तालाब या समरसेबल पंप की व्यवस्था नहीं होने के कारण आग पर समय रहते काबू पाने में परेशानी हुई. इस वजह से आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया. जमुना मुंडा ने शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जतायी है. हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है. अगलगी के बाद मां-बेटी के सामने रहने और भोजन की समस्या खड़ी हो गयी है. पीड़िता ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर तत्काल राहत और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए