प्रशांत ने वैज्ञानिकों की मदद के लिए बनाया एआइ टूल 'ब्रूनो'

Updated:
विज्ञापन
सहयोगी एंड्रियास हॉप्ट के साथ प्रशांत

सहयोगी एंड्रियास हॉप्ट के साथ प्रशांत (Photo: @Prashaant Ranganathan)

जमशेदपुर के प्रशांत रंगनाथन ने स्टैनफोर्ड से पढ़ाई कर 'ब्रूनो' नामक AI टूल विकसित किया है, जो वैज्ञानिकों की रिसर्च प्रक्रिया को आसान बनाता है. इसे 'बेस्ट AI साइंटिस्ट अवॉर्ड' मिला है.

विज्ञापन

जमशेदपुर से संदीप सावर्ण की रिपोर्ट

अंतरराष्ट्रीय मशीन लर्निंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में जमशेदपुर के बेटे ने वैश्विक मंच पर भारत का नाम गर्व से ऊंचा किया है. स्टैनफोर्ड डी स्कूल से पढ़ाई कर चुके भारतीय प्रोडक्ट डिजाइनर प्रशांत रंगनाथन ने अपने सहयोगी एंड्रियास हॉप्ट के साथ मिलकर वैज्ञानिकों की मदद के लिए 'ब्रूनो' नाम का एक अनोखा एआइ टूल विकसित किया है.

'ब्रूनो' को मिला 'बेस्ट एआई साइंटिस्ट अवॉर्ड'

यह एआइ सिस्टम दुनिया भर के वैज्ञानिकों और रिसर्च लैब्स के लिए बेहद प्रभावी 'डिजिटल प्रोडक्ट मैनेजर' के रूप में काम कर रहा है और उनकी रिसर्च प्रक्रिया को आसान बना रहा है. जमशेदपुर के प्रशांत और उनकी टीम की इस बड़ी वैश्विक खोज को दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित मशीन लर्निंग सम्मेलन आइसीएमएल 2026 (इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन मशीन लर्निंग) के तहत आयोजित “एआइ फॉर साइंस” कॉन्क्लेव में सर्वोच्च सम्मान मिला है. प्रशांत द्वारा तैयार किये गये 'ब्रूनो' को “बेस्ट एआइ साइंटिस्ट अवॉर्ड” (स्पॉटलाइट सम्मान) से नवाजा गया है. दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में इसका आयोजन हुआ था.

चैटजीपीटी, ग्रॉक और जेमिनी से कितना अलग है 'ब्रूनो'

आजकल हर कोई चैटजीपीटी, ग्रॉक या जेमिनी जैसे एआइ टूल्स का उपयोग कोडिंग, कंटेंट राइटिंग या सामान्य बातचीत के लिए कर रहा है. ये सभी जनरल एआइ की श्रेणी में आते हैं. लेकिन प्रशांत रंगनाथन द्वारा डिजाइन किया गया ब्रूनो इनसे बिल्कुल अलग एक स्पेशलिस्ट एआइ है. यह कोई चैटबॉट नहीं है, जिससे आप सवाल पूछें और वह जवाब दे, बल्कि यह रिसर्च लैब्स के कामकाज को व्यवस्थित रखने वाला एक स्मार्ट डिजिटल प्रोडक्ट मैनेजर है. जहां अधिकांश एआइ फॉर साइंस सिस्टम खुद परिकल्पना बनाने, प्रयोग करने और शोधपत्र तैयार करने की दिशा में काम करते हैं, वहीं, ब्रूनो वैज्ञानिकों की कार्यप्रणाली की बारीकी से अवलोकन करता है, उनके बीच तालमेल बैठाता है और पूरी शोध प्रक्रिया को व्यवस्थित करता है.

वैज्ञानिकों को रिप्लेस नहीं, उनका 'सिरदर्द' कम करेगा यह टूल

अक्सर माना जाता है कि एआइ का काम इंसानों को रिप्लेस करना है, लेकिन ब्रूनो के डेवलपर्स की सोच इसके विपरीत है. उन्होंने रिसर्च लैब्स की एक बहुत बड़ी और व्यावहारिक समस्या को पहचाना. किसी भी बड़े लैब में असली रुकावट विज्ञान या रिसर्च नहीं होता, बल्कि वहां का अव्यवस्थित मैनेजमेंट होता है. महत्वपूर्ण वैज्ञानिक निर्णय अक्सर व्हाट्सएप, स्लैक या इमेल चैट्स के पहाड़ों में खो जाते हैं. जो प्रयोग असफल हो जाते हैं, उनका कोई लिखित रिकॉर्ड नहीं रखता. नतीजा यह होता है कि नया छात्र उसी गलती को दोबारा दोहराकर समय बर्बाद करता है. जब कोई रिसर्च स्टूडेंट अचानक प्रोजेक्ट छोड़कर जाता है, तो पूरी लैब और प्रोजेक्ट अटक जाता है.

'ब्रूनो' इसी 'कोऑर्डिनेशन चाओस' को खत्म करता है. यह वैज्ञानिकों के सिर से प्रशासनिक और प्रबंधन का बोझ हटा देता है ताकि वे बिना किसी मानसिक तनाव के सिर्फ अपने मुख्य शोध पर ध्यान केंद्रित कर सकें. वैज्ञानिकों के गोपनीय डेटा और कोड की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ब्रूनो के पास लैब के कोड या रिसर्च पेपर्स में कुछ भी लिखने या बदलाव करने का अधिकार नहीं होता. यह सिर्फ बैकएंड पर रहकर सब कुछ व्यवस्थित रखता है. यह वैज्ञानिकों द्वारा पहले से इस्तेमाल किये जा रहे प्लेटफॉर्म जैसे स्लैक, वेट्स एंड बायसेस, गिटहब और ओवरलीफ के साथ मिलकर काम करता है. प्रशांत और स्टैनफोर्ड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लेबोरेटरी (सेल) के एआइ रिसर्चर एंड्रियास ने इस टूल का नाम प्रसिद्ध फ्रांसीसी समाजशास्त्री ब्रूनो लातूर के नाम पर रखा है.


विज्ञापन
भूमि शर्मा

लेखक के बारे में

By भूमि शर्मा

भूमि शर्मा पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हुई हैं. वर्तमान में वह मुख्य रूप से जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों की खबरों को कवर करती हैं. इससे पहले वह एजुकेशन बीट और झारखंड बीट पर भी काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने शैक्षणिक बदलावों और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर लेखन किया है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola