बर्मामाइंस गोलीकांड में घायल आफताब की मौत, थाना का घेराव कर जमकर हंगामा

Updated:
विज्ञापन

प्रदर्शन के दौरान जलते टायर व लाल घेरे में आफताब

कोलकाता में इलाज के दौरान आफताब की मौत के बाद बर्मामाइंस में परिजनों और लोगों का गुस्सा भड़क उठा. थाने का घेराव कर गोली चलाने वालों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई. नशे के कारोबार का विरोध भारी पड़ा.

विज्ञापन

चार गोलियां लगने के बाद जिंदगी और मौत से जूझ रहे मो. आफताब ने आखिरकार दम तोड़ दिया. कोलकाता में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. आफताब की मौत की खबर बर्मामाइंस पहुंचते ही परिजनों और बस्ती के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. बड़ी संख्या में लोग बर्मामाइंस थाना पहुंच गए.

गिरफ्तारी की हुई मांग

लोगों ने थाना का घेराव किया. सड़क पर टायर जलाए गए और जमकर नारेबाजी हुई. लोगों की एक ही मांग थी कि गोली चलाने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए. मौके पर काफी भीड़ जुट गई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया.


जलते टायर
जलते टायर

क्या है मामला?

दरअसल, रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे एफसीआई कंटेनर यार्ड के पास नशे के कारोबार का विरोध करने से नाराज अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी. तीन बाइक पर सवार होकर आए शाहबाज उर्फ भोंदू, रेहान बच्चा, उदय, आयन समेत करीब छह युवकों ने मो. अमजद, सोनू, लड्डन, फिरोज और आफताब को निशाना बनाकर 16 से 17 राउंड गोलियां चलाई थीं.

चार गोलियां लगने से गंभीर हुआ था आफताब

इस फायरिंग में आफताब को चार गोलियां लगी थीं. उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया था. डॉक्टरों के मुताबिक, आफताब के बाएं हाथ में दो, पेट में एक और रीढ़ की हड्डी में एक गोली लगी थी. गोली लगने की वजह से उसके पैरों ने काम करना बंद कर दिया था. हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए कोलकाता ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

हमलावरों पर पथराव कर भागने को किया मजबूर

फायरिंग के बाद आफताब के साथियों ने हिम्मत दिखाते हुए हमलावरों पर पथराव किया. इसके बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से 14 खोखे और एक मैगजीन बरामद की.

नशे के खिलाफ निकली थी जागरूकता रैली

पुलिस को दिए बयान में आफताब के साथियों ने बताया कि वे एफसीआई में लेबर सप्लाई का काम करते हैं. शुक्रवार को बर्मामाइंस पुलिस के सहयोग से इलाके में नशे के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली गई थी. बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर अपराधियों ने रविवार रात आफताब और उसके साथियों को निशाना बनाया.  पुलिस ने मामला दर्ज कर शाहबाज उर्फ भोंदू समेत सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.


विज्ञापन
भूमि शर्मा

लेखक के बारे में

By भूमि शर्मा

भूमि शर्मा पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हुई हैं. वर्तमान में वह मुख्य रूप से जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों की खबरों को कवर करती हैं. इससे पहले वह एजुकेशन बीट और झारखंड बीट पर भी काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने शैक्षणिक बदलावों और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर लेखन किया है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola