झारखंड में जितना माैसम नहीं बदला, उतने सीएम बदल गये

जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोपाल मैदान में आयोजित चुनावी जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और झामुमो पर सीधा हमला बोला. कहा कि अपने स्वार्थ और भ्रष्टाचार के लिए इन्होंने मुख्यमंत्री की कुर्सी तक का सौदा किया. अपने 44 मिनट के संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि राज्य को देश और दुनिया में […]
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोपाल मैदान में आयोजित चुनावी जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और झामुमो पर सीधा हमला बोला. कहा कि अपने स्वार्थ और भ्रष्टाचार के लिए इन्होंने मुख्यमंत्री की कुर्सी तक का सौदा किया. अपने 44 मिनट के संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि राज्य को देश और दुनिया में पहचान दिलाने का श्रेय आप सबको और रघुवर दास को है.
लेकिन पांच साल पहले यहां क्या स्थिति थी, कांग्रेस और झामुमो के राज में यहां से सिर्फ भ्रष्टाचार और लूट की खबरें आती थीं. प्रधानमंत्री ने कहा : सिर्फ 15 साल में झारखंड ने 10 बार मुख्यमंत्रियों को बदलते देखा. मैं गुजरात में 13 साल तक अकेला मुख्यमंत्री रहा. इस स्थिरता का परिणाम है कि आज गुजरात कहां से कहां पहुंच गया. भाजपा ने झारखंड में अस्थिरता के दौर पर रोक लगायी और पहली बार पांच वर्ष तक एक ही मुख्यमंत्री झारखंड को दिया.
इसी स्थिरता का परिणाम है कि नक्सलवाद पर प्रभावी कार्रवाई हो पा रही है. प्रधानमंत्री कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने अपनी सरकार के पांच साल में झारखंड के रेल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए दाे हजार करोड़ रुपये आवंटित किये थे. भाजपा सरकार के दौरान बीते पांच वर्ष में इसका पांच गुना यानी 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक झारखंड को मिला है. वर्ष 2014 से पहले के पांच वर्ष में जहां झारखंड में 300 किलोमीटर से कम की रेल लाइनें चालू हुईं, तो केंद्र में भाजपा शासन के दौरान करीब 700 किलोमीटर लाइन बनीं.
यहां भी 370 पर बोले
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर और 370 की चर्चा चल रही थी. संविधान में 370 को अस्थायी लिखा था, लेकिन एक टोली उसे स्थायी बनाने में जुटी थी. कोई उसे हाथ लगाने को तैयार नहीं था. लेकिन जनता ने मोदी को कठोर निर्णय लेने के लिए भेजा है. मैं राजनीति के हिसाब-किताब नहीं करता हूं. मैं सिर्फ देशनीति को देखता हूं. इसलिए दशकों से लटका 370 खत्म हो सका.
कहा : पूर्ण बहुमत की सरकार बननी तय
प्रधानमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने कहा कि जमशेदपुर की धरती श्रम की धरती है. यह धरती लाखों लोगों के सपनों को साकार करने वाली धरती है. दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा को बढ़ाने वाली धरती है. इस रैली का विशाल नजारा, हवा का ये रुख बताता है कि पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनाना आपने तय कर लिया है. उन्होंने कहा, झारखंड में जहां-जहां मुझे जाने का मौका मिला है, वहां इतनी बड़ी संख्या में जन आशीर्वाद के लिए मैं झारखंड की भूमि को नमन करता हूं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




