ePaper

झारखंड विस चुनाव : सरयू राय ने नहीं खोला पत्ता, रविवार को कार्यकर्ताओं संग बैठक में लेंगे निर्णय

Updated at : 16 Nov 2019 6:52 PM (IST)
विज्ञापन
झारखंड विस चुनाव : सरयू राय ने नहीं खोला पत्ता, रविवार को कार्यकर्ताओं संग बैठक में लेंगे निर्णय

जमशेदपुर : रघुवर सरकार के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय ने स्‍पष्‍ट कर दिया है कि जमशेदपुर पश्चिम सीट से भाजपा की टिकट में उन्‍हें कोई रुचि नहीं है. उन्‍होंने कहा कि अपने इस निर्णय से पार्टी के आला नेताओं को अवगत करा दिया है. उनसे यह भी आग्रह किया है कि वे इस सीट […]

विज्ञापन

जमशेदपुर : रघुवर सरकार के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय ने स्‍पष्‍ट कर दिया है कि जमशेदपुर पश्चिम सीट से भाजपा की टिकट में उन्‍हें कोई रुचि नहीं है. उन्‍होंने कहा कि अपने इस निर्णय से पार्टी के आला नेताओं को अवगत करा दिया है. उनसे यह भी आग्रह किया है कि वे इस सीट पर जिसे चाहे टिकट दे सकते हैं. सरयू ने कहा कि वे अपना फैसला रविवार को कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद बतायेंगे.

मीडिया से बातचीत में उन्‍होंने कहा कि भाजपा के साथ लंबे समय से काम करने में हमारे राष्‍ट्रीय स्‍तर के नेताओं का अनेक बार मार्गदर्शन मिला. पार्टी के बदलते चरित्र को देखने का भी अवसर मिला. मेरा हमेशा ही यह प्रयास रहा कि पार्टी से जो मिला उसके लिए मैं अनुग्रहित रहूंगा. बिना मांगे पार्टी ने मुझे कई पदों पर रखा. मुझे एमएलसी, एमएलए, मंत्री बनाया. अभी ऐसी स्थिति आ गयी है, जैसे लगता है कि पार्टी की एक टिकट के लिए आदमी कटोरा लेकर खड़ा है. कई दिनों से मैं मानसिक प्रताड़ना से गुजर रहा था.

उन्‍होंने कहा, मैं दिल्‍ली भी गया और अपने नेताओं से कहा कि आप टिकट होल्‍ड पर मत रखिए, आप निर्णय कर दीजिए. आप निर्णय करेंगे तो मेरे क्‍या-क्‍या विकल्‍प होंगे वह भी उनको बता दिया. आज चौथी सूची जारी हो गयी, तब मैंने मीडिया के माध्‍यम से सार्वजनिक तौर पर राज्‍य की जनता और पार्टी के नेतृत्‍व को बता दिया कि भाजपा से जमशेदपुर पश्चिम का टिकट लेना मेरी प्राथमिकता नहीं है.

उन्‍होंने कहा, मुझे ग्‍लानि महसूस हुई कि मेरे कारण मेरे नेताओं को असमंजस की स्थिति से गुजरना पड़ रहा है. ऐसे में मैंने स्‍पष्‍ट कर दिया कि जमशेदपुर पश्चिम सीट के टिकट में मेरी कोई रुचि नहीं है. मेरे नाम पर आप विचार मत करिए. जिसको योग्‍य समझते हैं उसको टिकट दे दीजिए. पहले मैंने जो कहा था, उसी सीमा में मैं आगे का रास्‍ता तय करूंगा.

पार्टी से इस्‍तीफे के सवाल पर उन्‍होंने कहा कि मैं पार्टी में हूं. पार्टी के शीर्ष नेताओं को बता दिया है कि मेरा अगला कदम क्‍या होगा. पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ रविवार को बैठक करूंगा और उनसे सलाह लूंगा. उस बैठक में जो रास्‍ते सामने आयेंगे, उसी पर चलूंगा. मेरे मन में कोई भ्रम या दुविधा नहीं है.

उन्‍होंने स्‍वीकार किया कि जमशेदपुर पूर्व और जमशेदपुर पश्चिम से नामांकन पत्र खरीदा है. नामांकन पत्र मैंने प्रत्‍याशियों की घोषणा से पहले ही ले लिया था. एक सवाल पर उन्‍होंने कहा कि किसी भी दूसरे दल ने उनसे संपर्क नहीं किया है. दोनों सीटों पर चुनाव लड़ने की संभावना वाले सवाल पर उन्‍होंने कहा कि दो सीटों से चुनाव लड़ना बहुत ही कठिन कार्य है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola