कटकमदाग में युवक की हत्या
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 12 Apr 2026 10:11 PM
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
कटकमसांडी. कटकमदाग थाना क्षेत्र के पसई गांव निवासी राजेश कुमार साव (40 वर्ष, पिता मुंशी साव) की चाकू मारकर व सिर को पत्थर से कूच कर हत्या कर दी गयी. उसका शव रविवार को पुलिस ने थाना क्षेत्र के बानादाग एनटीपीसी न्यू रोड के समीप से बरामद किया. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्या में शामिल लोगों की गिरफ्तारी और मुआवजा की मांग को लेकर पसई गांव के पास हजारीबाग-चतरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सड़क जाम की सूचना मिलते ही पेलावल अंचल के पुलिस इंस्पेक्टर शाहिद रजा, कटकमदाग थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राय, जिला परिषद सदस्य जीतन राम पहुंचे. लोगों को समझाया. सरकारी नियमानुसार लाभ दिलाने के आश्वासन के बाद दोपहर करीब 12 बजे जाम हटा. मृतक राजेश कुमार साव मुर्गा-मछली बेचने का काम करता था. परिजनों ने बताया कि 11 अप्रैल की रात करीब 9.30 बजे राजेश के मोबाइल पर फोन आया. इसके बाद वह मोटरसाइकिल लेकर घर में बगैर किसी को कुछ बताये निकल गया. जब देर रात तक वह वापस नहीं लौटा, तो उसकी खोजबीन की गयी, लेकिन कुछ पता नहीं चला. सुबह सूचना मिली कि राजेश का शव एनटीपीसी न्यू रोड के समीप पड़ा है. इधर, शव मिलने की जानकारी कटकमदाग थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राय को भी मिली. उन्होंने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों और परिजनों ने शव को उठाने से मना कर दिया. बहुत समझाने और लिखित आश्वासन देने के बाद परिजन सुबह 10.30 बजे शव उठाने के लिए तैयार हुए. इसके बाद शव को घटनास्थल से उठाकर हजारीबाग-चतरा मुख्य मार्ग पर रख कर सड़क जाम कर दिया. लोग घटनास्थल पर सांसद और विधायक को बुलाने, सरकारी नौकरी व मुआवजा देने की मांग कर रहे थे.
परिजनों का आरोप, जुआ के कारण हुई हत्या
परिजनों का आरोप है कि राजेश की हत्या जुआ के कारण हुई है. बानादाग गांव और रेलवे साइडिंग के पास दर्जनों जुआ के अड्डे हैं. परिजनों के अनुसार राजेश को पहले चाकू से मारा गया है और फिर उसका सिर पत्थर से कूच दिया गया है. पुलिस ने मृतक के पॉकेट से नौ हजार नकद व एक मोबाइल बरामद किया है. उसकी मोटरसाइकिल घटनास्थल के पास पड़ी थी. कटकमदाग थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जांच-पड़ताल जारी है. एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.पांच भाई में सबसे बड़ा था राजेश साव
मृतक राजेश कुमार साव पांच भाइयों में सबसे बड़ा था. घटना के बाद उसकी पत्नी सविता देवी, पुत्र प्रियांशु कुमार (17 वर्ष) व बिट्टू कुमार (12 वर्ष) एवं पुत्री डोली कुमारी (15 वर्ष) का रो-रो कर बुरा हाल है. प्रशासन की ओर से मृतक के परिजन को 20 हजार पारिवारिक लाभ और आवास देने की घोषणा की गयी. वहीं बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में सहयोग करने का आश्वासन दिया गया. कटकमदाग जिला परिषद सदस्य जीतन राम ने जिला प्रशासन से बानादाग साइडिंग और गांव में चल रहे जुआ को बंद कराने व मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










