हजारीबाग: 12वीं के टॉपरों पर बरसा कॉलेज का प्यार, मनीषा को ₹15,001 तो कृति को ₹5,000
स्टेट में10वो रैंक की छात्रा मनीषा को सम्मानित करते अतिथिगण | Prabhat Khabar Network
हजारीबाग के इंटर साइंस कॉलेज में शिक्षक दिवस पर मेधावी छात्रों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।
हजारीबाग: इंटर साइंस कॉलेज हजारीबाग में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन नगर निगम के महापौर अरविंद कुमार, शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज के उपाधीक्षक डॉ. राज किशोर, महाविद्यालय सचिव डॉ. अजय कुमार शर्मा और प्राचार्य बसंत कुमार झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इससे पहले अतिथियों ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया.
आपके शहर में
कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंधन की ओर से 12वीं कक्षा के टॉपर विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. कॉलेज टॉपर एवं झारखंड में दसवां स्थान प्राप्त करने वाली विज्ञान संकाय की मनीषा कुमारी को 15,001 रुपये तथा वाणिज्य संकाय की जिला टॉपर कृति लता कुमारी को 5,000 रुपये का चेक देकर प्रोत्साहित किया गया. इसके अलावा 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 35 विद्यार्थियों को 2,100 रुपये का चेक, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
महापौर ने शिक्षा के महत्व पर दिया जोर
महापौर अरविंद कुमार ने कहा कि देश के महापुरुषों ने शिक्षा के क्षेत्र में विदेशों में भी भारत का नाम रोशन किया है. डॉ. भीमराव आंबेडकर, महात्मा गांधी और सुभाष चंद्र बोस समेत कई महापुरुषों की प्रतिमाएं आज भी विदेशों में स्थापित हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से इतिहास और विज्ञान के विषयों को गंभीरता से समझने और उनका अध्ययन करने की अपील की.
शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज के उपाधीक्षक डॉ. राज किशोर ने कहा कि बच्चे जितनी मेहनत करेंगे, उन्हें उतनी ही सफलता मिलेगी. उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के अनुरूप पूरी मेहनत करने की अपील की.
महाविद्यालय सचिव डॉ. अजय कुमार शर्मा ने कहा कि गुरु और शिष्य का नाता जीवनभर बना रहता है. विद्यार्थियों को यह समझना चाहिए कि वे पढ़ाई क्यों कर रहे हैं. सभी को बड़ा लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए प्रयास करना चाहिए. इसके लिए अपनी क्षमता को लगातार बढ़ाने की जरूरत है.
प्राचार्य बसंत कुमार झा ने कहा कि विद्यार्थियों के संस्कार ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रतीक होते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से सफलता हासिल करने के साथ बेहतर समाज के निर्माण के लिए अच्छे संस्कार अपनाने की अपील की.
कार्यक्रम का संचालन संजय कुमार श्रीवास्तव ने किया. मौके पर प्रभु प्रसाद, विनय सिंह, कुमार अमिताभ, आफरीन कौसर, निधि राय, सुधांगी मिश्रा, यादव लालदेव, सुनील कुमार, अजय सिंह, अंजली, नीरज समेत कई शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए