सिक्किम टनल में गैस विस्फोटः हजारीबाग के मजदूर की मौत, शव की पहचान करने पहुंचा बेटा

जागेश्वर ठाकुर (फाइल फोटो) | Prabhat Khabar Network
सिक्किम में रेलवे टनल गैस विस्फोट से हजारीबाग के मजदूर जागेश्वर ठाकुर की मौत हो गई है. घटना की सूचना मिलते ही मृतक का बेटा अपने पिता के शव की पहचान के लिए सिक्किम पहुंच गया है. वहीं गांव और पूरे इलाके में लोगों के बीच शोक की लहर है.
हजारीबागः सिक्किम में निर्माणाधीन रेलवे टनल परियोजना में हुए भीषण गैस विस्फोट में हजारीबाग निवासी जागेश्वर ठाकुर (पिता- हेमन ठाकुर) की मौत हो गई है. मृतक जिले के बरही प्रखंड अंतर्गत तिलैया बस्ती का रहने वाला था. घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया है. मृतक पटेल कंपनी के माध्यम से एनएचपीसी परियोजना से जुड़ी रेलवे टनल में हुंडई 215 एक्सकेवेटर मशीन चलाने का काम करते थे. बताया जा रहा है कि टनल के भीतर मीथेन गैस जमा होने के बाद जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे कई मजदूर मलबे में दब गए.
सिक्किम पहुंचकर पिता के शव की पहचान करने में जुटा बेटा
परिजनों के अनुसार, घटना की जानकारी 20 जुलाई को मिली थी. इसके बाद जागेश्वर ठाकुर के बड़े बेटे राहुल शर्मा और पड़ोसी विकास घर में बिना जानकारी दिए तत्काल सिक्किम के लिए रवाना हो गए. सिक्किम पहुंचकर राहुल अपने पिता के शव की पहचान करने में जुट गया है. हालांकि स्थानीय प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. वहीं, पड़ोसी विकास ने फोन पर बताया कि अब तक मलबे से 15 शव निकाले जा चुके हैं, जबकि 12 अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है. टर्नल से निकल रहे शव पूरी तरह से डीकंपोज हो चुका है.
घटना की सूचना के बाद इलाके में शोक की लहर
प्रशासन सभी मृतकों की पहचान के लिए उनके परिजनों को बुला रहा है. उन्होंने बताया कि घटना के कुछ दिन पहले ही जागेश्वर ठाकुर अपने कुल देवता की पूजा के लिए गांव आए थे. रविवार को उन्होंने परिवार के सदस्यों से अंतिम बार फोन पर बातचीत भी की थी. जागेश्वर ठाकुर अपने पीछे पत्नी तारा देवी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए. इधर, इस दुःखद घटना की खबर मिलते ही तिलैया बस्ती सहित पूरे इलाके में शोक की लहर है. ग्रामीणों ने सरकार और कंपनी से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा तथा आश्रितों को रोजगार देने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










