हरितालिका तीज आज, पति की लंबी उम्र के लिए सुहागिन महिलाओं ने रखा निर्जला व्रत
संगीता कुमारी हाथों की मेंहदी दिखाते हुए | Prabhat Khabar Network
हरितालिका तीज पर सुहागिनें पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखेंगी. हजारीबाग के बाजारों में पूजा सामग्री और शृंगार की खरीदारी के लिए महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी.
हजारीबाग. आज सोमवार को सुहागिन महिलाओं का प्रमुख पर्व हरितालिका तीज मनाया जा रहा है. महिलाएं पति की लंबी उम्र और सौभाग्य के लिए निर्जला व्रत रख रही हैं. रविवार को 'नहाय-खाय' के साथ उन्होंने व्रत का संकल्प लिया और घरों में खास तैयारियां की गईं.
पूजा के दौरान महिलाएं माता पार्वती को सुहाग की सामग्री अर्पित करेंगी. सुहाग की सामग्री में आम तौर पर चूड़ी, बिंदी, सिंदूर, महावर, काजल, इत्र, कंघी, शीशा, बिछिया, पायल, हरे रंग की चूड़ी, रिबन, फीता, फूल, पान, सुपारी, इलायची, लौंग, शक्कर, चावल, रोली, हल्दी, फल, मिठाई, आदि शामिल होते हैं. सुबह पूजा-अर्चना के बाद दिनभर निर्जला व्रत रखने की परंपरा है.
गौरी-शंकर की मिट्टी की प्रतिमा बनाने की भी परंपरा
पूजन के लिए गौरी-शंकर की मिट्टी की प्रतिमा बनाने की भी परंपरा है. मिट्टी की प्रतिमा बनाने की प्रक्रिया में, खास तौर पर चिकनी मिट्टी का उपयोग किया जाता है, जिसे स्थानीय कलाकार या महिलाएं स्वयं पार्वती और शिव के स्वरूप में ढालती हैं. मान्यता के अनुसार, सूर्योदय के बाद पूजा का मुहूर्त शुरू होता है. दिन में कई विशेष मुहूर्त में भी पूजा करना शुभ माना जाता है.
ये भी पढ़ें: बारियातू में 2 साल से जर्जर है मुख्य सड़क, बड़े-बड़े पत्थरों के बीच सफर करने को मजबूर ग्रामीण
चार वर्षों से कर रही तीज, पर्व का विशेष महत्व : संगीता
स्थानीय निवासी संगीता कुमारी चार वर्षों से इस व्रत का पालन कर रही हैं. उन्होंने बताया कि यह पर्व उनके लिए खास है. मान्यता है कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए कठिन तपस्या की थी. इसी कारण महिलाएं पति की लंबी उम्र और सुखी दांपत्य जीवन की कामना से यह व्रत करती हैं. तीज में महिलाएं सोलह शृंगार कर पूजा करती हैं.
मेहंदी पति के प्रति प्रेम का प्रतीक : सुमन
स्थानीय निवासी सुमन, जो छह वर्षों से हरितालिका तीज का व्रत कर रही हैं, ने बताया कि इस व्रत में पति की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है. हाथों में लगायी जाने वाली मेहंदी पति के प्रति प्रेम और दांपत्य संबंधों की मजबूती का प्रतीक मानी जाती है.
माता पार्वती ने की थी कठिन तपस्या : अंकिता
स्थानीय निवासी अंकिता झा ने बताया कि भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में प्राप्त करने के लिए कठिन तपस्या की थी. उन्होंने कहा कि इसी मान्यता के चलते हर वर्ष इस तिथि को हरितालिका तीज मनायी जाती है. महिलाएं पूरे विधि-विधान से माता पार्वती और भगवान शिव की पूजा करती हैं.
घर से बाजार तक तीज की तैयारी
स्थानीय निवासी रूपम ने बताया कि हरितालिका तीज को लेकर घरों में विशेष तैयारियां की गयी हैं. पूजा सामग्री, फल, मिठाई और शृंगार सामग्री की खरीदारी की गयी है. मान्यता के अनुसार, व्रत पूरा होने के बाद पिडुकिया को प्रसाद के रूप में ग्रहण किया जाता है.
मेन रोड व मटवारी बाजार में उमड़ी भीड़
तीज की तैयारियों को लेकर रविवार को हजारीबाग शहर के मेन रोड बाजार और मटवारी में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. हर तरफ उत्साह का माहौल था, जहां महिलाएं पूजा सामग्री, डलिया, दान की सामग्री, शृंगार प्रसाधन और साड़ियों की खरीदारी करती नजर आयीं.
सुबह से ही बाजारों में महिलाओं की आवाजाही बढ़ गयी थी. देर शाम तक प्रमुख बाजारों में ज़बरदस्त चहल-पहल बनी रही.
ये भी पढ़ें: गणेश चतुर्थी को लेकर भक्तिमय हुआ झुमरीतिलैया, आकर्षक पंडालों में आज विराजेंगे गणपति बप्पा
चूड़ी दुकानों पर दिनभर रही रौनक
तीज पर्व को लेकर चूड़ी की दुकानों पर विशेष रौनक रही. महिलाओं ने अपनी पसंद के अनुसार विभिन्न रंग और डिजाइन की चूड़ियों की जमकर खरीदारी की. चूड़ी मंडी में दिनभर महिलाओं की भीड़ लगी रही.
पिडुकिया की दुकानों पर भी जुटे ग्राहक
शहर के मालवीय मार्ग-कालीबाड़ी रोड के पास दुकानदारों ने पिडुकिया की दुकानें सजायी हैं. यहां तीज के लिए पिडुकिया खरीदने वालों की खूब भीड़ रही. अन्य बाजारों में भी तीज से संबंधित सामानों की बिक्री बढ़ी है.
पर्व को लेकर बाजारों में बनी रौनक से कारोबारियों में भी उत्साह है. महिलाओं की खरीदारी के कारण रविवार को शहर के प्रमुख बाजारों में पूरे दिन त्योहार जैसा माहौल बना रहा.

13हैज्8में-.रूपम | Prabhat Khabar Network

13हैज9में- सुमन | Prabhat Khabar Network

13हैज्10में-अंकिता झा | Prabhat Khabar Network

13हैज्11में- मेहंदी को दिखाती महिलाएं | Prabhat Khabar Network

13हैज12में- चूड़ी की खरीदारी करती महिलाएं | Prabhat Khabar Network

13हैज13में- पेडुकिया की खरीदारी करते | Prabhat Khabar Network
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए