बरही-चौपारण सड़क जाम पर DC सख्त, संवेदक को 24 घंटे में मरम्मत में तेजी का अल्टीमेटम
बैठक में उपस्थित डीसी व अन्य : Prabhat Khabar
बरही-चौपारण एनएच पर जाम और सड़क मरम्मत में देरी पर डीसी हेमंत सती ने संवेदकों को फटकार लगाई है. 24 घंटे में काम सुधारने और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी.
हजारीबाग. बरही-चौपारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लग रहे लंबे जाम और सड़क मरम्मत में हो रही देरी पर उपायुक्त हेमंत सती ने नाराजगी जतायी है. गुरुवार को आरसीडी, एनएचएआई, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों और संवेदकों के साथ बैठक में उन्होंने संबंधित संवेदक को फटकार लगाते हुए 24 घंटे के भीतर मरम्मत कार्य में आवश्यक प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
आपके शहर में
लापरवाही पर संवेदक के खिलाफ प्राथमिकी की चेतावनी
उपायुक्त ने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आम लोगों को हो रही परेशानी को किसी भी कीमत पर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. उन्होंने लापरवाही जारी रहने पर संबंधित संवेदक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की चेतावनी दी. कहा कि बरही-चौपारण मार्ग पर किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए.
महुदी मोड़ से बिलौतियां मोड़ तक होगा कालीकरण
एनएच के तहत महुदी मोड़ से बिलौतियां मोड़ तक सड़क का कालीकरण किया जाना है. उपायुक्त ने कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं करने तथा निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने अधिकारियों को सड़क की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने को कहा.
शहरी सड़कों की भी हुई समीक्षा
बैठक में शहरी क्षेत्र की खराब सड़कों की भी समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने सिंघानी मोड़ से रेलवे पुल, कूद तक एनएच-100 के निर्माण के लिए गुरुवार को ही निविदा प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया. वहीं आरसीडी को आनंदा चौक, बस स्टैंड और मिशन अस्पताल रोड समेत प्रमुख सड़कों को दुरुस्त करने को कहा गया.
पाइपलाइन के लिए सड़क क्षतिग्रस्त करने पर एलएंडटी पर कार्रवाई
पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़क क्षतिग्रस्त करने और उसकी मरम्मत नहीं कराने के मामले में एलएंडटी के संवेदकों पर भी कार्रवाई का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने नगर आयुक्त को डैमेज ऑफ पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने को कहा. बैठक में नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता, एसडीओ आदित्य पांडेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: MMDR अधिनियम के विरोध में कांग्रेस का आंदोलन तेज, 7 सितंबर को राजभवन घेराव
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए