अंधविश्वास या अव्यवस्था? झाड़-फूंक के बीच 8 दिन से बीमार दो मासूम भाइयों की मौत

Updated:
विज्ञापन

मृतक मासूम बच्चों के माता-पिता | Prabhat Khabar Network

गुमला के पालकोट में इलाज के अभाव और अंधविश्वास के कारण दो मासूम सगे भाइयों की मौत हो गई। परिजन अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक का सहारा ले रहे थे।

विज्ञापन

गुमलाः पालकोट प्रखंड के मतिमटोली डोंगाड़ाड गांव में शुक्रवार को एक मार्मिक घटना सामने आयी. यहां आठ दिनों से बीमार दो मासूम भाइयों की करीब एक घंटे के अंतराल में मौत हो गई. मृतकों की पहचान फ्रांसिस उरांव के पुत्र सचिन उरांव (4 वर्ष) और अनुज उरांव (3 वर्ष) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार सचिन की मौत सुबह करीब आठ बजे, जबकि अनुज ने करीब नौ बजे दम तोड़ दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

आठ दिनों से बीमार थे दोनों बच्चे

बताया गया कि दोनों बच्चे पिछले आठ दिनों से बीमार थे. परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने के बजाय गांव में ही एक ग्रामीण चिकित्सक से इलाज करा रहे थे. बीमारी ठीक होने की उम्मीद में झाड़-फूंक भी करायी गई. शुक्रवार की सुबह अचानक दोनों बच्चों की तबीयत बिगड़ गई. करीब एक घंटे के अंतराल में दोनों की मौत हो गई.

ये भी पढ़ें- Ranchi को मिलेगी राज्य की पहली 10 लेन स्मार्ट रोड, 177 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

स्वास्थ्य सुविधा को लेकर उठ रहे सवाल

पालकोट प्रखंड के प्रतिनिधि महिपाल सिंह ने बताया कि मतिमटोली सांसद आदर्श ग्राम है. इसके बावजूद गांव में स्वास्थ्य सुविधा का अभाव है. उनका कहना है कि गांव में न तो स्वास्थ्य केंद्र है और न ही नियमित रूप से नर्स या चिकित्सक पहुंचते हैं. गांव की दूरी पालकोट से करीब छह किलोमीटर है.

हालांकि, इस घटना में यह सवाल भी उठ रहा है कि पालकोट अस्पताल की दूरी कम होने के बावजूद बीमार बच्चों को समय रहते अस्पताल क्यों नहीं ले जाया गया. परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, उन्हें विश्वास था कि बच्चे गांव में ही इलाज और झाड़-फूंक से ठीक हो जाएंगे.

उनका कहना था कि पहले भी बीमारी के दौरान बच्चे खुद ठीक हो चुके थे. इसी विश्वास के कारण इस बार भी दोनों बच्चों को अस्पताल ले जाने के बजाय गांव में ही इलाज और झाड़-फूंक कराई जाती रही. दोनों मासूमों की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है. घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता के साथ-साथ समय पर चिकित्सा सुविधा लेने को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

ये भी पढ़ें- रिम्स में MBBS की 250 सीटों पर आज से नामांकन, जानें किस दिन किसका होगा एडमिशन


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola