होटल में पार्टी के दौरान रिवॉल्वर से चली गोली, युवक के सीने में लगी, दो पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर
युवक का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
गुमला के एक होटल में पार्टी के दौरान रिवॉल्वर से चली गोली में युवक घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर मौजूद दो पुलिस जवानों को लाइन हाजिर कर दिया गया है.
गुमला. सदर थाना क्षेत्र के बाइपास स्थित एक होटल में गुरुवार रात एक पार्टी चल रही थी. इसी दौरान रिवॉल्वर से अचानक गोली चलने से शहनवाज उर्फ मिंटू नामक युवक घायल हो गया. बताया जाता है कि होटल में कुछ लोग खाना-पीना कर रहे थे. इसी दौरान रिवॉल्वर चमकाने के क्रम में अचानक गोली चल गयी, जो शहनवाज के सीने में जा लगी. गोली चलने के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गयी. लोग चिल्लाते हुए भागने लगे, कोई कुर्सी पर गिर रहा था तो कोई मेज के नीचे छिपने की कोशिश कर रहा था. चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया.
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया गया. गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रिम्स रेफर कर दिया. बाद में परिजन उसे रांची स्थित मेडिका अस्पताल ले गये, जहां उसका इलाज किया गया. परिजनों के अनुसार, ऑपरेशन कर सीने में फंसी गोली निकाल दी गयी है. डॉक्टरों के अनुसार, शहनवाज की हालत अब खतरे से बाहर है और वह ठीक हो रहे हैं. घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
रिवॉल्वर किसका था, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है. यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किस व्यक्ति के हाथ से चली. बताया जा रहा है कि घटना के समय होटल में पुलिस के दो जवान भी मौजूद थे. गोली चलने के बाद दोनों जवानों को तत्काल ड्यूटी से हटा दिया गया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों जवान किस परिस्थिति में होटल में मौजूद थे, और उनकी मौजूदगी का घटना की जांच से क्या सीधा संबंध है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए