मानदेय का भुगतान नहीं होने से फीकी रही होली
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 05 Mar 2026 11:19 PM
मानदेय का भुगतान नहीं होने से फीकी रही होली
रायडीह. प्रखंड में 13 मुखिया, 14 पंसस व 145 वार्ड सदस्य हैं. वर्तमान में वे अपने-अपने क्षेत्र में कार्यरत हैं. सरकार द्वारा समय-समय पर पंचायत के तीनों स्तर के जनप्रतिनिधियों को निर्धारित मानदेय (प्रोत्साहन राशि) का भुगतान किया जाता है. इसके लिए प्रखंड कार्यालय में राशि भी उपलब्ध करायी जाती है. इस निमित्त इस साल जनवरी 2026 में भी जनप्रतिनिधियों के छह माह का मानदेय प्रखंड कार्यालय को बतौर आवंटन प्राप्त हुआ है. लेकिन दो माह गुजरने के बाद भी जनप्रतिनिधियों को मानदेय का भुगतान नहीं किया गया. इस क्षेत्र में होली का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया जाता है. होली के पूर्व मानदेय आवंटन मिलने की सूचना पर प्रखंड के तीनों स्तर के पंचायत जनप्रतिनिधियो में खुशी और उम्मीद थी की मानदेय मिलेगा. लेकिन प्रखंड कार्यालय द्वारा जनप्रतिनिधियों की खुशी और उम्मीद पर पानी फेर दिया. जनप्रतिनिधियों को होली में भी मानदेय भुगतान नहीं किया गया, जिससे उनका होली का रंग फीका रहा. प्रखंड कार्यालय रायडीह के इस प्रकार के गैर जिम्मेवाराना रवैये से जनप्रतिनिधियों में आक्रोश है. नवागढ़ पंसस हिमांशु कुमार गुप्ता ने कहा दो माह पूर्व ही जनप्रतिनिधियों का मानदेय आवंटन प्रखंड कार्यालय को प्राप्त हो चुका है. लेकिन होली जैसे बड़े त्योहार में भी मानदेय का भुगतान नहीं करना प्रखंड प्रशासन की कार्यशैली की नकारात्मता को दर्शाता है. जनप्रतिनिधि खुश थे और उम्मीद लगा कर बैठे थे. लेकिन प्रशासन सारी खुशी और उम्मीद पर पानी फेर दिया. जरजट्टा पंचायत की मुखिया मार्था एक्का ने कहा कि रायडीह प्रखंड के सभी जनप्रतिनिधियों का होली पर्व फीका हो गया. होली जैसे बड़े त्योहार होने और आवंटन प्राप्त होने के बावजूद समय पर भुगतान का नहीं होना बहुत ही गलत है. केपूर पंचायत की वार्ड सदस्य सरोज देवी ने कहा वार्ड सदस्यों को काफी कम मानदेय मिलता है. उम्मीद थी कि मानदेय मिलेगा तो त्योहार में आर्थिक मदद मिलेगी. लेकिन मानदेय नहीं मिला.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










