गुमला में सांपों का तांडव: 24 घंटे में 5 लोगों को डंसा, घर और खेतों में बने शिकार

Updated:
विज्ञापन

अस्पताल में इलाजरत मरीज

गुमला जिले में मानसून की दस्तक के साथ ही सांपों का आतंक बढ़ गया है. पिछले 24 घंटों में पांच लोग जहरीले सांपों का शिकार हुए हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है. डॉक्टर तत्काल अस्पताल पहुंचने की सलाह दे रहे हैं.

विज्ञापन

गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

गुमला : गुमला जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मानसून के दस्तक देते ही सांपों का खतरा तेजी से बढ़ गया है. यही वजह है कि बीते 24 घंटे के दौरान जिले के अलग-अलग गांवों में सर्पदंश की पांच बड़ी घटनाएं सामने आई हैं. खेत, जंगल और घरों में जहरीले सांपों के काटने से पांच लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं. सभी पीड़ितों को आनन-फानन में प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल गुमला में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है. इन घटनाओं से ग्रामीण इलाकों में भारी दहशत का माहौल है.

जंगल और खेतों में सांपों ने बनाया शिकार

पहली घटना रायडीह थाना क्षेत्र की है, जहां बुधवार सुबह लालडीपा में बकरी चराने गई 45 वर्षीय मुनी देवी को एक जहरीले नाग सांप ने पैर में डंस लिया. वहीं, दूसरी घटना में पूसो थाना क्षेत्र के 21 वर्षीय रामविलास साहू मंगलवार शाम को अपने खेत में काम कर रहे थे, तभी जहरीले सांप ने उन्हें अपना शिकार बना लिया. उन्हें तुरंत घाघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.

ये भी पढ़ें: बाबाधाम की संवरेगी तस्वीर, अयोध्या की तर्ज पर 30 एकड़ में बनेगा भव्य कॉरिडोर

रात में सोते समय और रास्ते में हुए हादसे

तीसरी घटना सदर थाना क्षेत्र के टेंगरिया गांव की है, जहां मंगलवार तड़के करीब 3 बजे अपने घर में जमीन पर सो रहे 16 वर्षीय किशोर सत्यम नायक को सांप ने काट लिया. इसी तरह चौथी घटना सिसई थाना क्षेत्र के मंगलो गांव में हुई, जहां मंगलवार रात करीब 2:30 बजे घर में सो रही 28 वर्षीय महिला करमी उरांव को घर में घुसे सांप ने डंस लिया. पांचवीं घटना भी सदर थाना क्षेत्र के सुरसुरिया गांव की है, जहां 20 वर्षीय सोहन अंसारी शाम के समय खेत के रास्ते एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे और रास्ते में ही सांप ने उनके पैर में काट लिया.

डॉक्टरों की अपील: झाड़-फूंक छोड़ तुरंत आएं अस्पताल

इस गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे बारिश के मौसम में खेतों, झाड़ियों और रात के समय जमीन पर सोते वक्त विशेष सावधानी बरतें. साथ ही उन्होंने सख्त चेतावनी दी है कि सर्पदंश की स्थिति में ओझा-गुनी या झाड़-फूंक के चक्कर में समय बर्बाद करने के बजाय मरीज को तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचें ताकि समय पर एंटी-स्नेक वेनम देकर उनकी जान बचाई जा सके.

ये भी पढ़ें: धनबाद को रेलवे जोन बनाने की मांग, संसदीय समिति की बैठक में गूंजा मुद्दा


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola