गुमला में 'थूक से सत्तू सान रहा नगर परिषद', रात के अंधेरे में बनी सड़कें सुबह फिर बनीं तालाब

Author Durjay paswan|Edited by Sameer Oraon
Updated:
विज्ञापन
गुमला के बदहाल सड़कों का हाल

गुमला के बदहाल सड़कों का हाल

गुमला में जर्जर सड़कों और जलजमाव से जनता परेशान है। नगर परिषद द्वारा की गई मरम्मत के दावों की पोल खुल गई है, जानें क्या है पूरा मामला।

विज्ञापन

गुमला: "थूक से सत्तू सानना" वाली पुरानी कहावत इन दिनों गुमला नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर पूरी तरह सटीक बैठती है. वजह है, शहर की मुख्य सड़कें इस वक्त जर्जर होकर तालाब में तब्दील हो चुकी हैं. स्थानीय जनता के बढ़ते आक्रोश और शिकायतों के बाद नगर परिषद ने आनन-फानन में लाखों रुपये खर्च कर सड़कों की मरम्मत तो कराई, लेकिन रात के अंधेरे में लीपापोती कर बनाई गईं ये सड़कें अगले ही दिन फिर से गड्ढों और जलजमाव में तब्दील हो गईं. लाखों रुपये फूंकने के बाद भी स्थिति जस की तस रहने से स्थानीय लोग बेहद आक्रोशित हैं. उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि नगर परिषद ने सड़क मरम्मत के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति और पैसों की बर्बादी की है.

अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने लिया जायजा

मामला तूल पकड़ने के बाद नगर परिषद की अध्यक्ष शकुंतला उरांव और उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने खुद प्रभावित इलाकों का जायजा लिया. उन्होंने जर्जर सड़कों की स्थिति देखी, स्थानीय लोगों से बातचीत की और सड़क मरम्मत के काम की गुणवत्ता की जांच की. इस पूरे मामले पर नगर परिषद अध्यक्ष शकुंतला उरांव ने सड़क की बदहाली पर चिंता जताते हुए माना कि मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति हुई है. उन्होंने बताया कि हाल ही में बोर्ड की बैठक में डीएसपी रोड के निर्माण की स्वीकृति दे दी गई है. मानसून/बरसात के तुरंत बाद पक्की सड़क का निर्माण कराया जाएगा और तब तक जनता को राहत देने के प्रयास होंगे. वहीं, उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने भी इस पूरे मामले पर बयान जारी कर कहा कि जब तक पक्की नई सड़क का निर्माण शुरू नहीं होता, तब तक अस्थायी समाधान के तौर पर जर्जर सड़कों के गड्ढों में मिट्टी और मोरम (Morum) डालकर मरम्मत की जाएगी, ताकि लोगों का आवागमन बाधित न हो.

ये भी पढ़ें: आज की तस्वीरें: कल से ‘जीरो टिकट’ पर मुफ्त मैच, लंच टाइम में रथ धकेल रहे दो छात्रों की करंट से मौत समेत देखें 5 Photos

शहर के प्रमु्ख सड़कों का क्या है हाल, यहां पढ़ें प्रभात खबर की ग्राउंड रिपोर्ट

  1. डीएसपी रोड (रानी सती मंदिर के समीप)

डीएसपी रोड पर रानी सती मंदिर के पास कुछ ही दिनों पहले सड़क मरम्मत का काम हुआ था. लेकिन ठेकेदार और अधिकारियों ने जैसे-तैसे काम निपटा दिया. सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जहां सड़क सबसे ज्यादा टूटी हुई थी, वहां मरम्मत कराई ही नहीं गई. नतीजा ये है कि पूरी सड़क आज भी तालाब बनी हुई है और राहगीर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं.

  1. श्री बड़ा दुर्गा मंदिर के समीप

यहां तीन दिन पहले रात के अंधेरे में (करीब 11 बजे) अचानक सड़क मरम्मत का काम शुरू कराया गया. स्थानीय निवासियों ने बताया कि रात में लीपापोती कर ठेकेदार चला गया और अगले ही दिन सड़क फिर से टूटकर पानी से भर गई. श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष से तुरंत पक्की सड़क बनाने की मांग की है.

  1. टंगरा स्कूल के पास (NH-78 से सटा क्षेत्र)

नेशनल हाईवे-78 से सटे टंगरा स्कूल के पास सड़क की स्थिति सबसे ज्यादा भयावह है. यहां सड़क पर डेढ़ फीट गहरा गड्ढा हो गया है, जो पूरी तरह पानी से भरा हुआ है. आसपास के दुकानदार और स्कूल जाने वाले बच्चे भारी मुसीबत झेल रहे हैं. सोमवार को स्थानीय लोगों ने खुद पानी निकालने की कोशिश की, लेकिन समुचित नाली न होने के कारण असफलता हाथ लगी.

ये भी पढ़ें: कांग्रेस प्रभारी बोले : राधाकृष्ण के मुद्दों के साथ कांग्रेस, कैबिनेट में उठेगा मामला


विज्ञापन
Durjay Paswan

लेखक के बारे में

By Durjay Paswan

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola