Corona Vaccination In Jharkhand : झारखंड में कोरोना टीकाकरण अभियान, वैक्सीन को सीएम हेमंत सोरेन ने बताया वरदान
Corona Vaccination In Jharkhand, Jharkhand News, Ranchi News, रांची : झारखंड में कोरोना टीकाकरण अभियान की शुरुआत हो गयी. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज रांची सदर अस्पताल में कोरोना टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया. उन्होंने वैक्सीन को वरदान बताया. रांची सदर अस्पताल की सफाई कर्मचारी मरियम गुड़िया को पहली कोरोना वैक्सीन लगायी गयी. सभी 24 जिलों में कोरोना टीकाकरण के लिए 2-2 सेंटर बनाये गये हैं. सभी 48 टीकाकरण केंद्रों पर कोरोना का टीका लगाया जा रहा है. आज पहले दिन 4800 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगायी जायेगी. धनबाद में कोरोना की पहली वैक्सीन नहीं लेने पर सफाईकर्मी धजरंगी हाड़ीअड़ गया. अधिकारियों के मनाने पर वह टीका लिया.
वरदान साबित होगी वैक्सीन
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वैश्विक महामारी के दौर में आज देश को कोरोना संक्रमण की वैक्सीन मिल ही गई. आज यह वैक्सीन हमारे राज्य में भी प्राप्त हुआ और इसकी शुरुआत रांची के सदर अस्पताल से हुई. इस दौरान उन्होंने कोरोना वैक्सीन लेने वाले स्वास्थ्यकर्मियों का हाल जाना. उन्होंने कहा कि ये वैक्सीन देश के लिए वरदान साबित होगी. मुख्यमंत्री ने आज रांची के सदर अस्पताल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ये बातें कहीं.
हाउसकीपिंग स्टाफ दीपक को पहला टीका
जमशेदपुर के टीएमएच अस्पताल में कोरोना वैक्सीन के लिए निबंधित सौ सफाई कर्मियों को वैक्सीनेशन लगाने की शुरुआत आज शनिवार सुबह 11:30 बजे से की गई. पहला टीका अस्पताल के हाउसकीपिंग स्टाफ दीपक जाल को लगाई गई.

पहली वैक्सीन नहीं लेने पर अड़ा सफाईकर्मी, मनाने पर लिया टीका
धनबाद के तोपचांची स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सफाईकर्मी धजरंगी हाड़ी कोरोना का पहला टीका नहीं लेने पर अड़ गया. उनसे कहा कि वह फिट है. इसलिए वह कोरोना का टीका नहीं लेगा. इस दौरान अधिकारियों ने उसे काफी देर तक समझाया. इसके बाद उसने वैक्सीन ली.

महिला सफाईकर्मी कुसुम देवी को पहला टीका
कोडरमा के उपायुक्त रमेश घोलप ने कोरोना को लेकर महाटीकाकरण अभियान की शुरुआत की. पहला टीका सदर अस्पताल की महिला सफाई कर्मी कुसुम देवी को लगाया गया. जिले में फिलहाल दो जगहों सदर अस्पताल और सीएचसी कोडरमा में बनाया गया है सेशन साइट. 100 -100 लोगों को वैक्सिन का पहला डोज देने का लक्ष्य है. सोमवार से 5 जगहों पर टीकाकरण कार्य शुरू होगा.
चिकित्सा पदाधिकारी डॉ भूषण राणा को पहला टीका
चतरा के उपायुक्त दिव्यांशु झा ने सिमरिया में कोरोना टीकाकरण का शुभारंभ किया. सबसे पहले कोरोना का टीका चिकित्सा पदाधिकारी डॉ भूषण राणा को दिया गया. इसके बाद बारी-बारी से स्वास्थ्य कर्मी को दिया जा रहा था. पहले दिन सौ लोगों को कोरोना टीका दिया जाएगा.
दो केंद्रों पर कोरोना का टीका
हजारीबाग जिले में कोरोना टीका के लिए 2 केंद्र बनाया गया है. हजारीबाग शहर में सदर अस्पताल परिसर और विष्णुगढ़ प्रखंड स्वास्थ्य केंद्र दोनों टीका केंद्रों में 3300 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका देने का लक्ष्य रखा गया है. प्रत्येक दिन दोनों टीका केंद्र में 100-100 लोगों को टीका लगाया जाएगा.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए