4 दिन पहले आया था नया सिलेंडर, अचानक हुआ धमाका और क्षतिग्रस्त हो गया पूरा मकान
बाल-बाल बची परिवार वालों की जान
सोमवार रात नवागढ़ के ऊपरखोर गांव में एलपीजी सिलेंडर में भीषण विस्फोट से गरीब परिवार का मिट्टी का मकान ढह गया. गनीमत रही कि परिवार घर पर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
Cylinder Blast: रायडीह थाना क्षेत्र के नवागढ़ पतराटोली पंचायत के ऊपरखोर गांव में सोमवार रात घरेलू एलपीजी सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया. धमाका इतना तेज था कि गरीब परिवार के मिट्टी के मकान की एक दीवार टूटकर गिर गई, जबकि खपरैल की छत भी क्षतिग्रस्त हो गई. घर में रखा बर्तन, कपड़ा समेत अन्य घरेलू सामान भी बर्बाद हो गया. हालांकि, घटना के वक्त परिवार का कोई सदस्य घर में मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया.
दीदी के घर सोने गया था परिवार, पीछे से हुआ धमाका
गृहस्वामी आर्टिकोस मिंज ने बताया कि घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की है. शाम को वह अपने बेटे के साथ बगल के डूमरटोली गांव स्थित अपनी दीदी के घर सोने चले गए थे. इसी दौरान ग्रामीणों ने फोन कर घर में जोरदार विस्फोट होने की जानकारी दी. मंगलवार सुबह जब वह अपने घर पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर दंग रह गए. उन्होंने बताया कि रसोई में रखा एलपीजी सिलेंडर फटने से मिट्टी के मकान की दीवार टूटकर गिर गयी थी. खपरैल की छत भी क्षतिग्रस्त थी. घर में रखे घरेलू उपयोग के सामान को भी भारी नुकसान पहुंचा था.
ये भी पढ़ें- हटिया ग्रिड का 50 MVA ट्रांसफॉर्मर फिर खराब, 125 की जगह मिल रही 85 मेगावाट बिजली
नया सिलेंडर लाने के चार दिन बाद ही हुआ विस्फोट
आर्टिकोस मिंज के अनुसार, रसोई में दो एलपीजी सिलेंडर रखे हुए थे. इनमें से एक सिलेंडर चूल्हे से जुड़ा था, जबकि दूसरा सिलेंडर पिछले गुरुवार को ही लाकर रखा गया था. उनका कहना है कि नये सिलेंडर की सील तक नहीं टूटी थी. इसके बावजूद उसमें विस्फोट कैसे हुआ, यह उनकी समझ से परे है.
मुखिया ने घटनास्थल का लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद नवागढ़ पंचायत की मुखिया किरण डुंगडुंग मौके पर पहुंचीं और क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लिया. रायडीह थाना पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई है. फिलहाल सिलेंडर में विस्फोट के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. विस्फोट के बाद पीड़ित परिवार को काफी नुकसान हुआ है. परिवार ने मदद की उम्मीद जताई है. गनीमत रही कि जिस समय धमाका हुआ, उस वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था. इससे एक बड़ा हादसा टल गया.
ये भी पढ़ें- घर लौट रही 62 साल की महिला के सामने आया हाथी, कुचलकर ले ली जान
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए