गोड्डा सदर अस्पताल में महिला की मौत, परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

Author Sanjeet kumar|Edited by Sameer Oraon
Updated:
विज्ञापन

शव लेकर जाते परिजन. | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

गोड्डा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत पर परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले की जांच की मांग की जा रही है।

विज्ञापन

गोड्डा : गोड्डा सदर अस्पताल में उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो जाने के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है. मृतका की पहचान पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के मचखार गांव निवासी 50 वर्षीय उर्मिला देवी (पति- प्रमोद यादव) के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है. मृतका के भतीजे राजा यादव ने बताया कि उर्मिला देवी को रविवार तड़के करीब दो बजे से पेट में तेज दर्द और सूजन की शिकायत थी. इसके बाद परिजन उन्हें दोपहर करीब एक बजे उपचार के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती कराया गया.

विज्ञापन

इलाज में लापरवाही का आरोप

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती किए जाने के बावजूद किसी भी चिकित्सक या स्वास्थ्यकर्मी ने मरीज की गंभीरता से जांच नहीं की. उनका कहना है कि प्राथमिक उपचार देने के बजाय चिकित्सकों ने मरीज को अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह देकर बाहर भेज दिया. राजा यादव ने बताया कि वे करीब तीन हजार रुपये खर्च कर निजी वाहन से मरीज को अस्पताल लेकर आए थे, ताकि बेहतर इलाज मिल सके. उनका आरोप है कि अल्ट्रासाउंड के लिए ले जाते समय ही उर्मिला देवी की मौत हो गयी. परिजनों का यह भी दावा है कि घटना के बाद संबंधित चिकित्सक अस्पताल में मौजूद नहीं मिले.

शव का पोस्टमार्टम किये बिना परिजन चले गए घर

घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गयी. सूचना मिलने पर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश लाल यादव एवं नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर स्थिति सामान्य करायी. इसके बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम कराए बिना अपने घर चले गये. परिजनों तथा पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश लाल यादव ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

अस्पताल प्रशासन का पक्ष नहीं आया सामने

समाचार लिखे जाने तक इस मामले में सदर अस्पताल प्रशासन या संबंधित चिकित्सकों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी. पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा मामले की जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे.

क्या कहते हैं उपाधीक्षक

सदर अस्पताल में मरीज की मृत्यु की घटना अत्यंत दुखद है. हम पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं. परिजनों द्वारा डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों पर लगाये गये लापरवाही के आरोपों की निष्पक्ष जांच करायी जाएगी. मरीज को अस्पताल लाये जाने के समय उनकी स्वास्थ्य स्थिति क्या थी तथा ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने उपचार के लिए क्या-क्या कदम उठाये, इसकी विस्तृत जानकारी जुटायी जा रही है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

डॉ. ताराशंकर झा, उपाधीक्षक, सदर अस्पताल, गोड्डा


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola