जल जीवन मिशन की योजनाओं का डीडीसी ने लिया जायजा, तय समय पर काम पूरा करने का निर्देश
उप विकास आयुक्त ने जल जीवन मिशन 2.0 के तहत गोड्डा जिले में चल रही पेयजल योजनाओं का जायजा लिया. उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच कर तय समय-सीमा में काम पूरा करने का निर्देश दिया.
गोड्डा. जल जीवन मिशन 2.0 के तहत जिले में चल रही पेयजल आपूर्ति योजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के लिए उप विकास आयुक्त विस्पुते श्रीकांत यशवंत ने शनिवार को चार प्रमुख योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया.
चार योजनाओं का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने सुंदरपहाड़ी प्रखंड के घटियारी पंचायत, गोराडीह पंचायत के डमाकोल खास, गोड्डा प्रखंड के निपनिया पंचायत के बरिसतानर एसटी टोला रेट्रोफिटिंग और महागामा प्रखंड के दियाजोरी पंचायत के लकराहा संथाल टोला योजना को देखा.
निर्माण कार्यों की जांच
मौके पर उन्होंने जलमीनार निर्माण, पाइपलाइन बिछाने, जल स्रोत, घर-घर नल कनेक्शन (FHTC) और अन्य आधारभूत संरचनाओं की भौतिक प्रगति की जांच की. अधिकारियों से लाभुक परिवारों की संख्या, शेष कार्यों और कार्य पूर्ण होने की समय-सीमा की जानकारी ली.
गुणवत्ता से समझौता नहीं
डीडीसी ने कहा कि जल जीवन मिशन का लक्ष्य हर ग्रामीण परिवार तक नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना है. इसमें गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए. उन्होंने कनीय अभियंताओं और संवेदकों को शेष कार्यों को तय समय पर तकनीकी मानकों के अनुरूप पूरा करने का निर्देश दिया.
नियमित जलापूर्ति की तैयारी रखने का निर्देश
डीडीसी ने कहा कि योजना पूर्ण होने के बाद नियमित जलापूर्ति बनी रहे, इसके लिए पहले से तैयारी रखी जाए. उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी और स्थल पर गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने को कहा. किसी भी तकनीकी समस्या या विलंब पर तत्काल कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया.
लगातार हो रही योजनाओं की समीक्षा
जिला जल एवं स्वच्छता समिति द्वारा मिशन के तहत चल रही सभी योजनाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि 'हर घर नल से जल' के लक्ष्य को धरातल पर उतारा जा सके.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए