दुमका की राजनीति से कोयला और SIR तक,निशिकांत दुबे ने JMM को घेरा
सांसद डॉ निशिकांत दुबे.
गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में JMM, कोयला खनन संशोधन और SIR को लेकर अपनी बातें रखीं. अधिकारियों की जांच की मांग की.
दुमका. गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने दुमका में राजनीतिक वर्चस्व और विकास के मुद्दे पर झारखंड मुक्ति मोर्चा पर निशाना साधा. दुमका में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि राजनीति का आधार जनता के बीच किए गए विकास कार्य होने चाहिए. उन्होंने दुमका में एक ही परिवार के राजनीतिक वर्चस्व का सवाल उठाते हुए पूछा कि विकास के नाम पर ऐसा कौन-सा बड़ा काम हुआ है, जिसे जनता के सामने मॉडल के रूप में पेश किया जा सके.
दुमका और गोड्डा की सड़कों की तुलना
सांसद ने दुमका और गोड्डा लोकसभा क्षेत्र की सड़क व्यवस्था की तुलना करते हुए कहा कि दुमका लोकसभा क्षेत्र से बाहर निकलते ही सड़क की स्थिति में अंतर दिखाई देता है. उनके अनुसार दुमका लोकसभा क्षेत्र में सड़कें खराब हैं, जबकि गोड्डा लोकसभा क्षेत्र शुरू होने के बाद सड़क की स्थिति बेहतर नजर आती है.
उन्होंने राजनीतिक नेतृत्व से जनता के सामने विकास कार्यों का पूरा विवरण रखने की बात कही.
कोयला चोरी को लेकर उठाए सवाल
खनन कानून में संशोधन के विरोध में JMM की ओर से प्रखंड मुख्यालयों पर आयोजित धरने पर निशिकांत दुबे ने सवाल उठाये. कोयला मामले में उन्होंने कहा, "क्या सिर्फ झारखंड में ही कोयला है? समस्या चोरी की है."
उन्होंने कहा कि भविष्य में कोयले पर निर्भरता कम होगी और सरकार को इस मुद्दे पर जनता को गुमराह नहीं करना चाहिए. उन्होंने हेमंत सरकार को चुनौती देते हुए कहा, "झारखंड में कोयला बंद कर दीजिए. भारत सरकार को इसकी कोई जरूरत नहीं है."
SIR प्रक्रिया को लेकर भी लगाए आरोप
गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने झारखंड सरकार पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश का आरोप लगाया है. उन्होंने मुख्य सचिव अविनाश कुमार, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह और रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की भूमिका की जांच की मांग की है.
सांसद ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने तक तीनों अधिकारियों को झारखंड से बाहर रखा जाना चाहिए. निशिकांत दुबे रविवार को दुमका में आधार सेवा केंद्र के उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे. डॉ निशिकांत दुबे ने कहा कि मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार को बुलाकर एसआईआर की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया. सांसद के अनुसार, इस दौरान स्कूली शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह और रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री भी मौजूद थे.
उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच जरूरी है. सांसद ने भारत निर्वाचन आयोग और सीबीआई से मामले की जांच कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि एसआईआर जैसी संवेदनशील प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए. सांसद ने जांच पूरी होने तक संबंधित अधिकारियों को राज्य से बाहर रखने की मांग भी की.
दिल्ली विश्वविद्यालय में एबीवीपी की जीत पर भी बोले
दिल्ली विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की जीत पर निशिकांत दुबे ने कहा कि युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है. उन्होंने छात्र राजनीति के संदर्भ में युवाओं के समर्थन को लेकर अपना बयान दिया.
दुमका से दिल्ली-मुंबई ट्रेन सेवा शुरू होने की बात
सांसद ने दुमका से दिल्ली और मुंबई के लिए जल्द ट्रेन सेवा शुरू होने की बात कही. हालांकि उन्होंने ट्रेन सेवा शुरू होने की निश्चित तिथि, मार्ग और परिचालन संबंधी विस्तृत जानकारी नहीं दी.
हाल में सांसद ने लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन को लेकर रेल मंत्री के समक्ष भी मांगें रखी थीं.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा जिलाध्यक्ष रुपेश मंडल, सुरेश मुर्मू, सीताराम पाठक समेत अन्य मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए