गोड्डा में अपराधियों की अब खैर नहीं! एसपी ने थानेदारों को दिया कार्रवाई का टारगेट
बैठक करते पुलिस पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
गोड्डा एसपी ने मासिक अपराध गोष्ठी में कानून-व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने अपराध पर अंकुश लगाने, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने के कड़े निर्देश दिए.
गोड्डा. एसपी मुकेश कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को मासिक अपराध गोष्ठी हुई. इसमें जिले के सभी एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया. बैठक में जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई. एसपी ने अधिकारियों को अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर कड़े दिशा-निर्देश दिए.
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को नियमित अंतराल पर अलग-अलग स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाने तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया. मोटरसाइकिल चोरी, चोरी और गृहभेदन की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मामलों का शीघ्र उद्भेदन करने और चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया.

बैंक-एटीएम की सुरक्षा होगी पुख्ता
बैठक में जिले के सभी बैंकों, एटीएम, आभूषण दुकानों और प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया. मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाने को कहा गया. ब्राउन शुगर, अवैध शराब, कोरेक्स और गांजा की बिक्री में संलिप्त लोगों के ठिकानों पर छापेमारी कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
अवैध खनन पर संयुक्त कार्रवाई
अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए खनन विभाग और अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई करने को कहा गया. एसपी ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और उससे जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
लंबित कांडों के लिए तय होगा लक्ष्य
एसपी ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन को लेकर सभी थाना प्रभारियों को लक्ष्य निर्धारित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. फरार अभियुक्तों और वारंटियों की गिरफ्तारी, लंबित कुर्की के निष्पादन तथा सीसीटीएनएस पोर्टल पर आंकड़ों की समय पर प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा गया. उन्होंने पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन से संबंधित आवेदनों का भी निर्धारित समय सीमा में निस्तारण करने का निर्देश दिया. महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महिलाओं के विरुद्ध अपराध से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया.
डायल 112 पर तुरंत एक्शन
एसपी ने डायल 112 से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया देने और कार्रवाई से संबंधित रिपोर्ट अविलंब भेजने का निर्देश दिया. साथ ही आपराधिक छवि वाले लोगों पर सर्विलांस प्रोसीडिंग के तहत निगरानी रखने और नियमानुसार उनका नाम गुंडा पंजी में दर्ज करने की हिदायत दी.
बैठक में एसपी ने सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए