कीचड़ भरी सड़क से पैदल पहुंचे निशिकांत दुबे, 4.25 करोड़ के राजदहा पुल समेत तीन योजनाओं का शिलान्यास
शिलान्यास करते सांसद. | Prabhat Khabar Network
पोड़ैयाहाट में सांसद निशिकांत दुबे ने दो ग्रामीण सड़कों और 4.25 करोड़ की लागत वाले राजदहा पुल का शिलान्यास किया. ग्रामीणों को आवागमन में राहत की उम्मीद है.
संवाददाता, गोड्डा/पोड़ैयाहाट: पोड़ैयाहाट प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में आवागमन की सुविधा बेहतर करने की दिशा में सोमवार को तीन महत्वपूर्ण सड़क और पुल योजनाओं का शिलान्यास किया गया. गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने पोड़ैयाहाट से बड़ा राजदहा तक 2.5 किलोमीटर पक्की सड़क, खरवारी से कुरवा तक 4.15 किलोमीटर सड़क और करीब 4.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले राजदहा पुल का शिलान्यास किया.
शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखा गया. स्थानीय आदिवासी महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ सांसद का स्वागत किया. महिलाओं ने माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया.
कीचड़ भरी सड़क से पैदल पहुंचे सांसद
शिलान्यास स्थल तक पहुंचने के लिए सांसद को करीब एक किलोमीटर तक कीचड़ भरी कच्ची सड़क से पैदल गुजरना पड़ा. इस दौरान ग्रामीणों को बरसात में होने वाली परेशानियों को करीब से देखने का मौका मिला.
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान पोड़ैयाहाट से बड़ा राजदहा और खरवारी से कुरवा जाने में काफी परेशानी होती है. कई जगहों पर सड़क की स्थिति ऐसी हो जाती है कि बाइक तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है.
विधायक पर विकास कार्य रोकने का लगाया आरोप
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा कि आजादी के 80 साल बाद भी गांव तक पक्की सड़क नहीं पहुंच पाना चिंता का विषय है. उन्होंने स्थानीय विधायक पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाया.
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत सड़क को स्वीकृति मिली है. निर्माण शुरू होने के बाद ग्रामीणों को कीचड़ और खराब रास्ते की समस्या से राहत मिलेगी. उन्होंने कहा कि राजदहा पुल बनने से बरसात के दौरान आवागमन की समस्या कम होगी तथा बच्चों के स्कूल और मरीजों के अस्पताल पहुंचने में सुविधा होगी.
सड़क-पुल बनने से कई गांवों को लाभ की उम्मीद
सांसद ने कहा कि गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा के क्षेत्र में काम किया जा रहा है. पोड़ैयाहाट को विकास के मामले में पीछे नहीं रहने दिया जाएगा.
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने सड़क और पुल की योजनाओं के लिए सांसद का आभार जताया. ग्रामीणों ने कहा कि दोनों सड़कों और राजदहा पुल के निर्माण से क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को आवागमन में सीधा लाभ मिलेगा.
सांसद ने संबंधित संवेदक को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय पर काम पूरा करने का निर्देश दिया.
ये रहे मौजूद
मौके पर भाजपा के पूर्व प्रत्याशी देवेंद्र सिंह, प्रखंड अध्यक्ष जनार्दन सिंह, अर्जुन राय, संजीव पंडित, विकास मोदी, डब्लू भगत, संतोष भगत, अनुपम भगत, जिला परिषद सदस्य चुंडा मरांडी, आकाश मंडल, मिथिलेश झा, पवन झा, रविंद्र महतो, संतोष सिंह, स्थानीय मुखिया छेदी राउत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए