गोड्डा में अपराध नियंत्रण का प्लान तैयार, एसपी ने थानेदारों को दिया कार्रवाई का टारगेट
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार. | Prabhat Khabar Network
गोड्डा में मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी मुकेश कुमार ने अपराध नियंत्रण, वाहन चेकिंग, नशे के खिलाफ छापेमारी, अवैध खनन और लंबित कांडों के निष्पादन के निर्देश दिए.
संवाददाता, गोड्डा: गोड्डा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गयी. बैठक में जिले के सभी एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी शामिल हुए. इस दौरान जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्रवाई की समीक्षा करते हुए एसपी ने अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश जारी किये.
जगह बदलकर वाहन चेकिंग करने का निर्देश
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को नियमित रूप से अलग-अलग स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने और एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
मोटरसाइकिल चोरी, चोरी और गृहभेदन की घटनाओं की समीक्षा करते हुए मामलों का जल्द उद्भेदन करने और चोरी गये सामान की बरामदगी पर विशेष जोर दिया गया. इसके साथ ही जिले के सभी बैंक, एटीएम, ज्वेलरी दुकान और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया.
नशे के ठिकानों पर छापेमारी के निर्देश
बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री पर रोक लगाने को लेकर भी चर्चा हुई. एसपी ने ब्राउन शुगर, अवैध शराब, कोरेक्स और गांजा की बिक्री में संलिप्त लोगों के ठिकानों पर छापेमारी कर कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
अवैध खनन की रोकथाम के लिए खनन विभाग और अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई करने को कहा गया.
लंबित कांडों के निष्पादन का लक्ष्य
एसपी ने सभी थानों को लंबित कांडों के निष्पादन को लेकर लक्ष्य के अनुरूप कार्रवाई करने का निर्देश दिया. फरार अभियुक्तों और वारंटियों की गिरफ्तारी के साथ लंबित कुर्की का निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया.
सीसीटीएनएस पोर्टल पर समय पर आंकड़े दर्ज करने तथा पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन से संबंधित आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण करने का भी निर्देश दिया गया.
महिला सुरक्षा और डायल 112 पर जोर
महिलाओं के विरुद्ध अपराध से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया. एसपी ने डायल 112 से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित रिस्पॉन्स देने और कार्रवाई की रिपोर्ट अविलंब भेजने का निर्देश दिया.
आपराधिक छवि वाले लोगों पर सर्विलांस प्रोसीडिंग के तहत निगरानी रखने तथा नियमानुसार गुंडा पंजी में नाम दर्ज करने की हिदायत भी दी गयी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए