पंचायती के दौरान मुखिया पति के साथ मारपीट का आरोप, एक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

Author Sanjeet kumar|Edited by Priya Gupta
Updated:
विज्ञापन
पंचायती के दौरान मुखिया पति के साथ मारपीट का आरोप, एक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

जानकारी देते संजीत अग्रवाल. | Prabhat Khabar Network

पोड़ैयाहाट के डांड़े गांव में पंचायती के दौरान मुखिया पति संजीत अग्रवाल के साथ मारपीट, आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, पुलिस जांच में जुटी।

विज्ञापन

पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के डांड़े गांव में पंचायती के दौरान एक सामाजिक कार्यकर्ता के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस के अनुसार, डांड़े गांव निवासी संजीत कुमार अग्रवाल, पिता स्वर्गीय सत्यनारायण मारवाड़ी, के लिखित आवेदन के आधार पर पोड़ैयाहाट थाना में मामला दर्ज किया गया है. संजीत कुमार अग्रवाल पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं तथा डांड़े पंचायत की मुखिया सपना अग्रवाल के पति हैं. आवेदन में संजीत कुमार अग्रवाल ने बताया कि डांड़े गांव में एक परिवार के देवर-भाभी के बीच विवाद उत्पन्न हो गया था. सामाजिक कार्यकर्ता होने के नाते वे पंचायती कर दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने पहुंचे थे. इसी दौरान आरोपित निकेश पासी, पिता कैलू मंडल पासी, निवासी डांड़े गांव, ने उनके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी. पुलिस ने आवेदन की जांच के बाद बीएनएस की धारा 109, 117(2), 352 एवं 115(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. घटना से जुड़े गवाहों से पूछताछ की जा रही है तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किये जा रहे हैं. थाना प्रभारी महावीर पंडित ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषी के विरुद्ध विधिसम्मत एवं कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

मुखिया पति से मारपीट की घटना की मुखिया संघ ने की निंदा, आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग\पोड़ैयाहाट प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष एवं जिला मुखिया संघ के सचिव अनुपम भगत ने डांड़े गांव में पंचायती करने गये मुखिया पति एवं सामाजिक कार्यकर्ता संजीत अग्रवाल के साथ हुई कथित मारपीट की घटना की कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा कि समाज में शांति और आपसी विवादों का समाधान कराने वाले लोगों को निशाना बनाया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है. अनुपम भगत ने कहा कि डांड़े पंचायत की मुखिया सपना अग्रवाल के पति संजीत अग्रवाल लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़े हैं. वे गांव में देवर-भाभी के बीच हुए पारिवारिक विवाद का समाधान कराने के उद्देश्य से पंचायती करने गये थे. इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने कथित रूप से उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं से गांवों में भय का वातावरण बनता है. यदि सामाजिक कार्यकर्ता ही सुरक्षित नहीं रहेंगे तो गांवों में शांति और सामाजिक सौहार्द बनाये रखना कठिन हो जाएगा. उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों के बढ़ते मनोबल पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन को त्वरित एवं कठोर कार्रवाई करनी चाहिए. मुखिया संघ के अध्यक्ष ने पुलिस से मामले में नामजद आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी कर विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की. उन्होंने कहा कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होने से भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होगी. उन्होंने यह भी कहा कि मुखिया संघ पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और न्याय मिलने तक हरसंभव सहयोग करेगा. इस बीच डांड़े पंचायत की मुखिया सपना अग्रवाल ने भी घटना के दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाये. उनका आरोप है कि घटना की सूचना देने के लिए रात में डायल-112 पर तीन बार फोन किया गया, लेकिन पुलिस मौके पर देर से पहुंची. उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं में त्वरित पुलिस कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ता है.


विज्ञापन
Sanjeet Kumar

लेखक के बारे में

By Sanjeet Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola